लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
11 लाख रुपये और कार की डिमांड का आरोप, सभी आरोपी फरार
भरतपुर। शहर के मथुरा गेट थाना क्षेत्र में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर जहर देकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। घटना के बाद से सभी आरोपी फरार बताए जा रहे हैं।
परिजनों के अनुसार मृतका नीतू की शादी 22 अप्रैल 2024 को बुद्ध की हाट निवासी पदम सिंह के साथ हुई थी, जबकि उसकी छोटी बहन रमन (20) की शादी पदम के भाई रमा शंकर से हुई थी। नीतू के भाई सोनू निवासी नागोली गांव, थाना धौलपुर ने बताया कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष 11 लाख रुपये नकद और एक क्रेटा कार की मांग कर रहा था। मांग पूरी नहीं होने पर नीतू और रमन को लगातार प्रताड़ित किया जाता था।
परिजनों का आरोप है कि विरोध करने पर दोनों बहनों के साथ मारपीट की जाती थी। सोनू के अनुसार घटना वाले दिन नीतू और रमन के साथ मारपीट की गई। जब रमन ने नीतू को बचाने की कोशिश की तो उसे कमरे में बंद कर दिया गया और नीतू को जबरन जहर दे दिया गया।
रमन के कमरे से बाहर निकलने के बाद उसने मायके पक्ष को फोन कर घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजन ससुराल पहुंचे और नीतू को शाम करीब 4 बजे आरबीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां करीब एक घंटे उपचार के बाद उसकी मौत हो गई।
नीतू की डेढ़ साल की बेटी हर्षिता है। घटना के बाद नीतू के पति पदम सिंह, देवर रमा शंकर सहित ससुराल पक्ष के अन्य सदस्य फरार हैं। परिजनों ने पुलिस को हत्या की शिकायत सौंप दी है।
पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।


















































