लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के दिए निर्देश
अजमेर | नितिन मेहरा
अजमेर | जल संसाधन मंत्री एवं पुष्कर विधायक सुरेश सिंह रावत ने बुधवार को सर्किट हाउस अजमेर में जनसुनवाई आयोजित कर आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुना। जनसुनवाई में पुष्कर विधानसभा क्षेत्र सहित अजमेर जिले के विभिन्न इलाकों से बड़ी संख्या में नागरिक पहुंचे और अपनी समस्याएं मंत्री के समक्ष रखीं।
जनसुनवाई के दौरान जल आपूर्ति, सिंचाई, सड़क, बिजली, राजस्व, नगर निकाय, शिक्षा, चिकित्सा, सामाजिक न्याय एवं अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े कई प्रकरण सामने आए। मंत्री रावत ने प्रत्येक परिवाद को ध्यानपूर्वक सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को मौके पर ही स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी मामलों का समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
इस अवसर पर मंत्री सुरेश सिंह रावत ने कहा कि प्रदेश की संवेदनशील सरकार “जनता की सरकार—जनता के द्वार” के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। जनसुनवाई जैसे मंचों के माध्यम से आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने अधिकारियों को लंबित मामलों की नियमित समीक्षा कर धरातल पर परिणाम दिखाने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में उपस्थित नागरिकों ने मंत्री रावत की संवेदनशीलता, सहज व्यवहार और त्वरित निर्णय क्षमता की सराहना की। लोगों ने कहा कि इस तरह के संवादात्मक कार्यक्रमों से प्रशासन और जनता के बीच विश्वास और मजबूत होता है।

















































