सरकारी स्कूल में नॉनवेज पार्टी! व्यवस्था पर करारा प्रहार

0
411
- Advertisement -
लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
शिक्षा के मंदिर में नॉनवेज पार्टी! क्या शिक्षा ग्रहण करेंगे बच्चे और कैसी?
गंगापुर सिटी, सवाई माधोपुर | विशेष रिपोर्ट – बनी सिंह मीना
जहां बच्चों के भविष्य को संवारा जाना चाहिए, जहां किताबों की खुशबू और अनुशासन की सीख मिलनी चाहिए – उसी शिक्षा के मंदिर को शर्मसार करने वाला मामला गंगापुर सिटी क्षेत्र से सामने आया है।
तालाब की ढाणी, हिंगोटया स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय में जो हुआ, उसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।
आरोप है कि स्कूल समय के दौरान ही विद्यालय परिसर में नॉनवेज पार्टी चल रही थी। रसोईघर, जो बच्चों के मिड-डे मील के लिए निर्धारित है, वहां चिकन पकाया जा रहा था, रोटियां सेंकी जा रही थीं और स्कूल की कक्षाओं पर ताले लटके हुए थे।
उधर, प्रधानाध्यापक अमर सिंह मीणा स्कूल के बाहर कुर्सी डालकर धूप सेकते नजर आए।
जब रिपोर्टर ने सवाल उठाया कि स्कूल में नॉनवेज पकाया जा रहा है, तो प्रधानाध्यापक का जवाब था –
“जिसको शिकायत करनी है कर दो।”
यह जवाब ही सिस्टम की गिरती संवेदनशीलता और जवाबदेही की असली तस्वीर दिखाता है।
ग्रामीणों का कहना है कि हेडमास्टर ने विद्यालय को ढाबे में तब्दील कर दिया। आरोप यह भी है कि प्रधानाध्यापक शराब के नशे में धुत थे (नशे की पुष्टि लोक टुडे नहीं करता है)  और पूरे विद्यालय की छुट्टी कर दी गई, जिससे बच्चों की पढ़ाई पूरी तरह बाधित रही।
शिक्षा के नाम पर यह कैसा मज़ाक?
जिस रसोई से बच्चों के पोषण की उम्मीद जुड़ी है, वहां पार्टी करना – यह केवल नियमों का उल्लंघन नहीं, बल्कि बच्चों के भविष्य के साथ अपराध है।

नॉन वेज पार्टी से अभिभावकों में  गुस्सा

घटना सामने आते ही क्षेत्र में आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने शिक्षा विभाग से तत्काल जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि ऐसे गैर-जिम्मेदार कर्मचारियों के कारण सरकारी स्कूलों की साख मिट्टी में मिल रही है।

शिकायत उच्च अधिकारी तक भी पहुंची 

सूत्रों के अनुसार, मामला उच्च अधिकारियों तक पहुंच चुका है और जांच दल गठित किए जाने की तैयारी है। दोषी पाए जाने पर संबंधित हेडमास्टर पर विभागीय कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।
यह मामला केवल एक स्कूल का नहीं, बल्कि पूरी शिक्षा व्यवस्था पर सवाल है।
अब देखना यह है कि प्रशासन इस शर्मनाक घटना पर कितनी सख्ती और कितनी तेजी से कार्रवाई करता है – या फिर यह मामला भी फाइलों में दबकर रह जाएगा?
- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here