सरकारी स्कूल में ‘नॉनवेज पार्टी’ का वीडियो वायरल, प्रधानाध्यापक निलंबित

0
225
- Advertisement -
लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
स्कूल में ‘नॉनवेज पार्टी’ पर  गिरी  गाज 
शिक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, तीन सदस्यीय जांच कमेटी गठित
गंगापुर सिटी, सवाई माधोपुर | रिपोर्ट – बनी सिंह मीणा
गंगापुर सिटी। राजकीय प्राथमिक विद्यालय तालाब की ढाणी, हिंगोटिया (ब्लॉक गंगापुर सिटी) में कथित नॉनवेज पार्टी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए विद्यालय के प्रधानाध्यापक अमर सिंह मीणा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
यह कार्रवाई जिला शिक्षा अधिकारी (मुख्यालय) प्रारंभिक शिक्षा, सवाई माधोपुर देवी लाल मीणा द्वारा की गई। निलंबन आदेश राजस्थान सिविल सेवा नियम-1958 के तहत जारी किए गए हैं। आदेश के अनुसार, निलंबन अवधि में अमर सिंह मीणा का मुख्यालय मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी, समग्र शिक्षा, सवाई माधोपुर निर्धारित किया गया है।
वायरल वीडियो में स्कूल परिसर में नॉनवेज पार्टी आयोजित होने के आरोप सामने आए, जिसके बाद अभिभावकों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। लोगों ने स्कूल जैसे पवित्र शिक्षण संस्थान में इस तरह की गतिविधियों को अनुचित बताते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की।
प्रारंभिक जांच में प्रधानाध्यापक की भूमिका संदिग्ध पाए जाने पर निलंबन की कार्रवाई की गई। अब पूरे मामले की विस्तृत विभागीय जांच के लिए तीन सदस्यीय जांच कमेटी गठित की गई है, जिसमें—
विजय सांखला, प्रधानाध्यापक, हिंगोटिया
जितेंद्र लोढ़ा, प्रधानाध्यापक, महात्मा गांधी राजकीय स्कूल, सपेरा बस्ती
कपिल शर्मा, प्रधानाध्यापक, रेती स्कूल
शामिल हैं। कमेटी को शीघ्र जांच पूरी कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि स्कूल परिसरों में अनुशासनहीनता किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषी पाए जाने पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ कड़ी विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
यह मामला शिक्षा व्यवस्था की जवाबदेही और निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े करता है। अब निगाहें प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं।
- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here