लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर। राजस्थान के सरकारी अस्पतालों में पिछले लगभग दो माह से हीमोफीलिया रोगियों के उपचार के लिए आवश्यक फैक्टर-8 एbवं फैक्टर-9 इंजेक्शनों की अनुपलब्धता के कारण मरीजों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है जीवनरक्षक इन इंजेक्शनों की कमी से अनेक मरीजों का नियमित उपचार प्रभावित हो रहा है । हीमोफीलिया मरीजों एवं उनके परिजनों का कहना है कि इस समस्या के संबंध में कई बार राज्य सरकार एवं संबंधित विभागों कोअवगत कराया जा चुका है, लेकिन अभी तक इंजेक्शनों की उपलब्धता सुनिश्चित नहीं हो सकी है। इससे मरीजों में चिंता और असंतोष बढ़ता जा रहा है।
जयपुर स्थित हीमोफीलिया सोसायटी के अध्यक्ष ओमप्रकाश छीपा ने बताया कि फैक्टर-8 एवं फैक्टर-9 की कमी के कारण मरीजों को उपचार में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि संबंधित अधिकारियों को कई बार इस विषय में जानकारी दी गई है, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान सामने नहीं आया है। विशेषज्ञों के अनुसार हीमोफीलिया एक गंभीर रक्तस्राव संबंधी बीमारी है, जिसमें समय पर आवश्यक फैक्टर उपलब्ध नहीं होने पर मरीज की स्थिति गंभीर हो सकती है। ऐसे में सरकारी अस्पतालों में इन जीवनरक्षक इंजेक्शनों की शीघ्र उपलब्धता अत्यंत आवश्यक है। हीमोफीलिया मरीजों, उनके परिजनों एवं सामाजिक संगठनों ने राज्य सरकार से मांग की है कि फैक्टर-8 एवं फैक्टर-9 इंजेक्शनों की तत्काल व्यवस्था कर मरीजों को राहत प्रदान की जाए।
