लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
सुमेरपुर विधानसभा क्षेत्र के चार गांवों में ‘विकास रथ यात्रा’ ने दी दस्तक
पाली/सुमेरपुर : राज्य सरकार के सफलतम दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में ‘सेवा, सुशासन और जनकल्याण’ के संकल्प को जन-जन तक पहुँचाने के लिए सुमेरपुर विधानसभा क्षेत्र में संचालित ‘विकास रथ यात्रा’ ने शुक्रवार को एक साथ चार ग्राम पंचायत मुख्यालयों—खैरवा, लाम्बीया, बणियावास और बोमादड़ा—पर दस्तक दी।
कार्यक्रमों के दौरान रथ पर लगी विशाल एलईडी स्क्रीन के माध्यम से ग्रामीणों ने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रदेश के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के संदेश सुने। प्रधानमंत्री के ‘विकसित भारत’ और मुख्यमंत्री के ‘विकसित राजस्थान’ के विजन को ग्रामीणों ने पूरी तन्मयता से सुना। संदेश में स्पष्ट किया गया कि सरकार की योजनाएं किसी एक वर्ग के लिए नहीं बल्कि ‘सबका साथ, सबका विकास’ की भावना से प्रेरित हैं।
योजनाओं का ‘सजीव’ चित्रण
एलईडी स्क्रीन पर प्रदर्शित लघु फिल्मों के माध्यम से केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं—जैसे जल जीवन मिशन, पीएम आवास, किसान सम्मान निधि और स्वास्थ्य बीमा—की जानकारी दी गई। ग्रामीणों ने देखा कि कैसे तकनीक और पारदर्शिता के माध्यम से सरकार ने बिचौलियों को हटाकर सीधा लाभ आमजन तक पहुँचाया है। बुजुर्ग, महिलाएं और युवा इसे ‘सुशासन का प्रत्यक्ष प्रमाण’ बता रहे थे।
मंत्री जोराराम कुमावत ने किया जन-संवाद
कार्यक्रम में स्थानीय प्रशासनिक अधिकारी और जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। विशेष रूप से स्थानीय विधायक एवं पशुपालन, गोपालन, डेयरी एवं देवस्थान विभाग के कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत ने ग्रामीणों को योजनाओं के लाभ और उनके अधिकारों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के संदेश को केवल सुनना ही पर्याप्त नहीं, बल्कि योजनाओं का लाभ उठाकर जीवन स्तर को ऊँचा उठाना चाहिए। अधिकारियों ने मौके पर ग्रामीणों की जिज्ञासाओं का समाधान किया और पात्र व्यक्तियों को योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया समझाई।
विकास रथ यात्रा का ग्रामीणों द्वारा आत्मीय स्वागत किया गया। इस अवसर पर किसान नेता पुखराज पटेल, जिला परिषद सदस्य प्रतिनिधि भंवर सिरवी, निजी सहायक डीआर चौधरी, भाजपा मंडल अध्यक्ष मनोहर सिंह सिरवी, प्रभारी सुमेरपुर पूनम सिंह परमार, वरिष्ठ भाजपा नेता शंकर सिंह राजपुरोहित, मुकेश मोदी, पूर्व उप जिला प्रमुख नवल किशोर रावल, लाम्बीया सरपंच मदन मेघवाल, पंचायत समिति सदस्य ओमकार और रथ प्रभारी मेघाराम सहित कई अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।