लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
नसीराबाद/अजमेर, संवाददाता: जितेंद्र बालोत
अजमेर। देशभर में लागू किए गए नवीन आपराधिक कानूनों के बारे में जागरूकता बढ़ाने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने जयपुर स्थित जयपुर एग्जीबिशन एंड कन्वेंशन सेंटर (JECC) से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से देशभर के पुलिस अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को संबोधित किया।
राजस्थान के सभी थानों में कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया, जिसमें अजमेर जिले के सराना थाना परिसर में भी गृह मंत्री के संबोधन का लाइव प्रसारण आयोजित किया गया। कार्यक्रम में थानाधिकारी उगमा राम चौधरी की अगुवाई में पुलिसकर्मी, एएसआई नंद सिंह, हेड कांस्टेबल रामपाल, कांस्टेबल जतन चौधरी, साथ ही सीएलजी सदस्य, ग्राम रक्षक, सुरक्षा सखी, पुलिस मित्र और थाना क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि नए आपराधिक कानून — भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और भारतीय साक्ष्य अधिनियम — देश की न्याय व्यवस्था को और सशक्त बनाएंगे। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यह केवल कानूनों का बदलाव नहीं, बल्कि “सोच का परिवर्तन” है, जिससे न्याय प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, त्वरित और जनहितैषी होगी।
सराना थाना परिसर में उपस्थित सभी लोगों ने कार्यक्रम को गंभीरता से सुना और नए कानूनों के बिंदुओं पर चर्चा की। थानाधिकारी उगमा राम चौधरी ने बताया कि नवीन कानूनों से पुलिस कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और जनता के साथ समन्वय में सुधार आएगा।
इस अवसर पर उपस्थित सीएलजी सदस्य और समाजसेवियों ने कहा कि यह कदम भारत को “सुरक्षित, संवेदनशील और न्यायपूर्ण राष्ट्र” बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा।