लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
लोसल,सीकर | (ओमप्रकाश सैनी)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्थापना शताब्दी वर्ष के उपलक्ष में आयोजन समिति सकल हिंदू समाज के तत्वावधान में शुक्रवार को अयोध्या धाम में हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस अवसर पर धर्म रक्षा महायज्ञ भी आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने आहुतियां दीं।
संतों के सानिध्य में आयोजित सम्मेलन को संबोधित करते हुए लोहागर्ल धाम के पीठाधीश्वर अवधेशाचार्य ने कहा कि समाज के संगठित होने से ही हिंदू समाज मजबूत होगा। उन्होंने भगवान श्रीराम के आदर्शों को जीवन में अपनाने और सनातन धर्म के गौरवशाली इतिहास की रक्षा करने का आह्वान किया।
आरएसएस के प्रांत सह प्रचारक विशाल ने कहा कि ऐसे सम्मेलनों का उद्देश्य संपूर्ण हिंदू समाज को एक सूत्र में बांधना और एकता का संदेश देना है। वहीं राष्ट्रीय सेविका समिति की प्रांत कार्यवाहिका संगीता देवी ने मातृशक्ति को धर्म की धुरी बताते हुए कहा कि भारत को विश्व गुरु बनाने के लिए बच्चों में शिक्षा के साथ आत्मरक्षा और संस्कारों का विकास आवश्यक है।
कार्यक्रम में रामानंद आश्रम के पीठाधीश्वर आकाशानंद गिरि, शेष भगवान मंदिर के महंत जुगेश्वर दास, नृसिंह आश्रम के महंत जयरामदास तथा रघुनाथ जी मंदिर के महंत नरेंद्र दास मंचासीन रहे।
कार्यक्रम के अंत में आयोजन समिति के अध्यक्ष महावीर प्रसाद पंसारी ने सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ के साथ सम्मेलन का समापन हुआ।
















































