लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
श्रीगंगानगर (मनजीत सिंह, ब्यूरो चीफ)। श्रीगंगानगर के श्रीकरणपुर में रविवार को संत निरंकारी मिशन द्वारा मानवमात्र के कल्याण के उद्देश्य से रक्तदान महादान शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर मिशन के गद्दीशीन माता सुदीक्षा महाराज एवं पूज्य निरंकारी राजपिता के दिव्य मार्गदर्शन और पावन आशीर्वाद में संपन्न हुआ।
शिविर में निरंकारी अनुयायियों के साथ-साथ स्थानीय जनमानस ने भी उत्साहपूर्वक स्वैच्छिक रूप से रक्तदान किया। कुल 119 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया। रक्त संग्रहण का कार्य राजकीय जिला चिकित्सालय श्रीगंगानगर की ब्लड बैंक टीम द्वारा किया गया। शिविर का उद्घाटन जोनल इंचार्ज धर्मपाल टक्कर ने किया। उन्होंने बताया कि युगदृष्टा बाबा हरदेव सिंह द्वारा 1986 में प्रारंभ हुई यह परोपकारी मुहिम आज महाअभियान के रूप में चरमोत्कर्ष पर है।
धर्मपाल टक्कर ने कहा कि निष्काम सेवा का भाव हमारे मन में उत्पन्न होने पर यह संसार और भी सुंदर दिखने लगता है। रक्तदान मानव जीवन को बचाने की सर्वोपरि सेवा है, जिसमें निःस्वार्थ परोपकार निहित है।
संत निरंकारी मिशन की सामाजिक गतिविधियां
संत निरंकारी मिशन समाज कल्याण के अनेक कार्यों में अग्रणी है, जिनमें रक्तदान शिविर, स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण, महिला एवं बाल विकास सशक्तिकरण, नि:शुल्क नेत्र जांच शिविर और प्राकृतिक आपदाओं में सहायता जैसी योजनाएं शामिल हैं।
शिविर में रक्तदान से पूर्व की जाने वाली जांच और स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया गया। रक्तदाताओं के लिए जलपान और गुरु के लंगर की उत्तम व्यवस्था की गई। शिविर के सफल आयोजन में सेवादल का योगदान सराहनीय रहा।
इस अवसर पर सैंकड़ों निरंकारी श्रद्धालु और समाज के गणमान्य लोग उपस्थित रहे। निरंकारी मुखी बहन विजय डंग ने सभी रक्तदाताओं, डॉक्टरों, सेवादल और साध संगत का हृदय से आभार व्यक्त किया।

















































