लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
समदड़ी। राजस्थान के बालोतरा जिले के समदड़ी क्षेत्र के सुरपुरा गांव की बेटी बंटी कंवर आज पैरा एथलेटिक्स में अपनी अलग पहचान बना रही हैं। सीमित संसाधनों और बिना विशेष कोचिंग के उन्होंने अपनी कड़ी मेहनत के दम पर उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं।
बंटी कंवर ने राष्ट्रीय स्तर पर बोच्चिया (Boccia) में जोड़ी स्पर्धा में स्वर्ण पदक और व्यक्तिगत स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। इसके बाद 15वीं राज्य स्तरीय प्रतियोगिता, जो महाराजा गंगा सिंह स्टेडियम में आयोजित हुई, में उन्होंने शॉटपुट में स्वर्ण और क्लब थ्रो में रजत पदक हासिल किया।
हाल ही में 24वीं राष्ट्रीय पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में F-32 वर्ग के शॉटपुट में रजत पदक जीतकर उन्होंने अपने प्रदर्शन को और मजबूत किया है।
उनकी इस उपलब्धि के चलते अब उन्हें आउट ऑफ टर्न पॉलिसी के तहत खेल कोटे से राजस्थान सरकार में नौकरी मिलने की राह भी खुल गई है।
बंटी कंवर का अगला लक्ष्य एशियन गेम्स और पैरालंपिक्स में भारत का प्रतिनिधित्व कर देश के लिए पदक जीतना है। उनका कहना है कि प्रदेश के दिव्यांग बच्चों को भी आगे आकर खेलों में भाग लेना चाहिए, क्योंकि पैरा खिलाड़ी किसी से कम नहीं हैं।
बंटी कंवर की यह सफलता साबित करती है कि दृढ़ संकल्प, मेहनत और हौसले के बल पर हर सपना साकार किया जा सकता है।


















































