- Advertisement -
लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
सड़कों और घरों में भरा पानी
जयपुर के सांगानेर विधानसभा क्षेत्र के वार्ड नंबर 95 में पानी सप्लाई व्यवस्था बदहाल हो चुकी है। पहले बीसलपुर लाइन न होने के कारण लोग पीने के पानी की एक-एक बूंद को तरसते थे, और अब जब लाइन बिछाई गई है तो उसकी खराब गुणवत्ता और लीकेज ने नई मुसीबत खड़ी कर दी है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि जब भी पानी चेक करने के लिए लाइन खोली जाती है, तो पानी शाम 6 से 7 बजे के बीच छोड़ा जाता है। इस समय पर न तो कोई अधिकारी मौजूद रहता है, और न ही किसी प्रकार की निगरानी होती है। परिणामस्वरूप, लाइन में भारी लीकेज होने के कारण पानी सीधे घरों में घुस रहा है और गलियों में जबर्दस्त पानी भराव हो रहा है।
लोगों का कहना है कि समझ में नहीं आता कि पीएचईडी विभाग आखिर चाहता क्या है। पहले लोग प्यास से परेशान थे, आज पानी घरों में भरकर नुकसान कर रहा है। राजस्थान सरकार एक ओर “बूंद-बूंद पानी बचाने” की बातें करती है, वहीं दूसरी ओर जलदाय विभाग की लापरवाही से लाखों लीटर पानी रोज़ बर्बाद हो रहा है।
स्थानीय निवासी जगदीश छीपा ने बताया कि बार-बार शिकायत करने के बाद भी जलदाय विभाग के अधिकारी फोन नहीं उठाते। शिकायतें दर्ज कराने पर भी समाधान नहीं होता।
लोगों का कहना है कि स्थानीय पार्षद चुनाव के बाद वार्ड में दिखाई तक नहीं देते, और न ही किसी समस्या पर ध्यान दे रहे हैं।
वार्ड के लोग यह भी आरोप लगा रहे हैं कि जब वे मुख्यमंत्री (जो इसी विधानसभा क्षेत्र के विधायक भी हैं) तक शिकायत पहुंचाने का प्रयास करते हैं, तो पुलिस वाले एप्लिकेशन लेकर रख लेते हैं, जिससे शिकायत मुख्यमंत्री तक पहुंच ही नहीं पाती।
लगातार जलभराव, लाइन लीकेज और विभागीय उदासीनता से वार्ड 95 के लोग रोज परेशान हैं और समाधान की उम्मीद लगाए बैठे हैं।
- Advertisement -












































