लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
संभावित ठिकानों पर दी दबिश, अपराधियों से की गहन पूछताछ
गौतम शर्मा | राजसमंद।
राजसमंद। जिला पुलिस अधीक्षक ममता गुप्ता के निर्देशन में जिलेभर में चलाए जा रहे संपत्ति संबंधी अपराधियों के खिलाफ पूछताछ व चेकिंग अभियान के तहत कुंवारिया थाना पुलिस ने शनिवार को विशेष अभियान चलाया।
थाना प्रभारी सीआई रामचन्द्र कुमावत के नेतृत्व में पुलिस टीम ने क्षेत्र में सक्रिय संपत्ति अपराधियों के संभावित ठिकानों पर दबिश दी और उनसे गहन पूछताछ की। इस दौरान संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखते हुए अपराधियों की वर्तमान स्थिति, उनके नेटवर्क तथा पूर्व में की गई वारदातों को लेकर आवश्यक जानकारियां जुटाई गईं।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि संपत्ति अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए अपराधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इस विशेष चेकिंग अभियान में एएसआई कमलेन्द्र सिंह झाला, नारायण सिंह, जगदीश चन्द्र कीर, हेड कांस्टेबल धीरज शर्मा सहित पुलिस जाप्ता मौजूद रहा। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अपराधियों में हड़कंप मच गया, वहीं आमजन ने पुलिस की सक्रियता की सराहना की है।
















































