लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
एडीएम नरेश बुनकर ने कहा — शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें
राजसमंद (गौतम शर्मा)।
कलेक्ट्रेट स्थित डीओआईटीसी वीडियो कॉन्फ्रेंस कक्ष में सोमवार को संपर्क पोर्टल की साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अतिरिक्त जिला कलक्टर नरेश बुनकर ने की। उन्होंने निर्देश दिए कि पोर्टल पर दर्ज प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तापूर्ण और संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि प्रत्येक परिवादी को वास्तविक राहत मिल सके।
विभागवार समीक्षा और आवश्यक दिशा-निर्देश
बैठक में मुख्य कार्यकारी अधिकारी, जिला परिषद बृजमोहन बैरवा ने विभागवार लंबित प्रकरणों पर चर्चा की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एडीएम बुनकर ने कहा कि सभी विभाग आगामी सेवा शिविरों को सर्वोच्च प्राथमिकता में रखें और गंभीरता से कार्य करें, ताकि शासन की मंशानुसार सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके।
समयबद्ध निस्तारण पर जोर
उन्होंने संपर्क पोर्टल पर दर्ज शिकायतों की विभागवार समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि प्रत्येक प्रकरण का निस्तारण समयबद्ध रूप से किया जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्तर पर लंबित शिकायतों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए तथा संबंधित अधिकारियों को इसकी जानकारी व्यक्तिगत रूप से दी जाए।
मुख्यमंत्री कार्यालय एवं सीपीग्राम प्रकरणों पर विशेष ध्यान
एडीएम बुनकर ने विशेष रूप से निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री कार्यालय और सीपीग्राम पोर्टल से प्राप्त प्रकरणों के त्वरित निस्तारण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।
उन्होंने कहा कि शासन की संवेदनशीलता और त्वरित समाधान की भावना धरातल पर प्रभावी रूप से दिखाई देनी चाहिए।
बैठक में जिला स्तरीय अधिकारी सभागार में उपस्थित रहे, जबकि ब्लॉक स्तरीय अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।