लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
समदड़ी। समदड़ी थाना क्षेत्र में अवैध बजरी खनन और परिवहन का धंधा बेखौफ जारी होने के आरोप सामने आए हैं। क्षेत्र के विभिन्न मार्गों और लूणी नदी क्षेत्र से दिन-रात अवैध बजरी परिवहन किए जाने की शिकायतें मिल रही हैं।
जानकारी के अनुसार रामपुरा से देवलीयारी, भूरा राठौड़ से देवलीयारी रोड, सिलोर और जेठन्तरी क्षेत्र में लूणी नदी से ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के माध्यम से सुबह के समय भी बजरी ढुलाई देखी जा रही है। वहीं देर रात जेसीबी मशीनों से डंपर, ट्रेलर और कंटेनरों में बजरी भरकर अन्य जिलों में भेजे जाने के आरोप हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जिम्मेदार विभागों द्वारा प्रभावी कार्रवाई नहीं किए जाने से बजरी माफियाओं के हौसले बुलंद हैं। आरोप है कि कार्रवाई की सूचना पहले ही लीक हो जाती है, जिससे मौके पर पुलिस को अक्सर खाली डंपर ही मिलते हैं।
थाना अधिकारी नरपत दान रतनू का कहना है कि अवैध खनन पर कार्रवाई की जिम्मेदारी माइनिंग विभाग की है, हालांकि पुलिस मोटर वाहन अधिनियम (एमवी एक्ट) के तहत कार्रवाई करती है। हाल ही में पुलिस ने देर रात कार्रवाई करते हुए 4 से 5 खाली डंपरों को जब्त कर कागजातों की जांच की।
ग्रामीणों ने मांग की है कि अवैध खनन पर संयुक्त रूप से पुलिस और खनन विभाग सख्त कार्रवाई करें, ताकि लूणी नदी क्षेत्र में हो रहे कथित अवैध खनन पर रोक लगाई जा सके।
अब देखना यह है कि संबंधित विभाग बड़े पैमाने पर हो रहे अवैध बजरी खनन और परिवहन पर ठोस कार्रवाई करते हैं या नहीं।


















































