लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
रात करीब 3 बजे की घटना, लोगों की सतर्कता से टली बड़ी चोरी
समदड़ी (बालोतरा)। समदड़ी क्षेत्र में बिजली विभाग के स्टार (स्टोर/सब-स्टेशन) में अज्ञात चोरों द्वारा ट्रांसफार्मर की कॉइल चोरी करने का प्रयास किए जाने का मामला सामने आया है। यह घटना 21 जनवरी की रात करीब 3:00 से 4:30 बजे के बीच की बताई जा रही है। स्थानीय लोगों की सतर्कता के चलते चोर अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो सके और मौके से फरार हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सुबह करीब 4:43 बजे स्टोर कीपर राजन शर्मा ने सूचना दी कि स्टार में रखे सिंगल फेज केज (कॉइल) को अज्ञात चोरों ने ट्रांसफार्मर से निकाल लिया था और अज्ञात वाहन की मदद से चोरी का प्रयास किया जा रहा था। इसी दौरान आसपास के निवासियों को संदिग्ध गतिविधि नजर आई, जिस पर उन्होंने शोर मचाया। लोगों की आवाज सुनते ही आरोपी घबरा गए और मौके पर ही कॉइल छोड़कर फरार हो गए।
जांच में सामने आया कि चोरों ने लगभग 25 केवीए क्षमता के सिंगल फेज ट्रांसफार्मर की कॉइल निकाल ली थी। आरोपियों ने डेनिश, इमको सहित विभिन्न कंपनियों के ट्रांसफार्मरों को निशाना बनाने का प्रयास किया। यदि समय रहते लोगों की नजर नहीं पड़ती, तो बिजली विभाग को भारी आर्थिक नुकसान हो सकता था।
घटना की सूचना मिलते ही समदड़ी पुलिस थाना को अवगत कराया गया। पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है।
स्थानीय नागरिकों ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए बिजली विभाग के स्टोर और उपकेंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
फिलहाल समदड़ी पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है और जल्द ही आरोपियों के पकड़े जाने की उम्मीद जताई जा रही है।














































