लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
उनियारा (सत्यप्रकाश मयंक)।
पुलिस ने साइबर ठगी के एक मामले में मुख्य आरोपी युवक को गिरफ्तार किया है। थाने के एएसआई रतनलाल मीणा ने बताया कि जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भारतीय नकली मुद्रा बेचने का दावा करने वाली इंस्टाग्राम आईडी ‘इंडियन फेक करेंसी’ के संबंध में जांच हेतु पत्र प्राप्त हुआ था।
जांच में उक्त आईडी के धारक दिनेश कुमार पुत्र कालूराम मीणा, निवासी गांगली थाना उनियारा की पहचान हुई। मामला दर्ज कर उच्चाधिकारियों के निर्देश पर टीम गठित की गई। अनुसंधान के बाद थानाधिकारी कप्तान सिंह ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से मोबाइल फोन जब्त किया।
पुलिस के अनुसार इस षड्यंत्र में अन्य आरोपी दिलराज मीणा, शक्तिमान मीणा (दोनों निवासी खातोली), आत्माराम मीणा (निवासी उसमानपुरा) तथा बबलू बैरवा (निवासी गांगली) भी शामिल हैं। मामले में आगे की जांच जारी है।
