लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)।
श्री सांवरिया सेठ मंदिर, नौगांवा में शुक्रवार को पौष मास कृष्ण पक्ष अष्टमी के अवसर पर प्रभु का अत्यंत मनोहारी और राजसी श्रृंगार किया गया। अलौकिक रूप के दर्शन के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं।
सांवरिया सेठ को केसरिया रंग की विशेष पोशाक धारण कराई गई, जिस पर सुनहरी गोटा-किनारी और दो सुंदर मयूर आकृतियाँ अंकित थीं, जो श्रृंगार की शोभा को और दिव्य बना रही थीं। प्रभु के शीश पर मेवाड़ी पगड़ी तथा उसके ऊपर सतरंगी लहरिया की छटा राजस्थान की सांस्कृतिक आभा बिखेर रही थी। पाग पर लगा सफेद तुर्रा-कलंगी उनकी राजसी आभा को और तेजस्वी बना रहा था।
पंडित प्रकाश शर्मा और दीपक आनंद पाराशर ने बताया कि मस्तक पर केसर–चंदन का तिलक, कानों में कुंडल, तथा मोतियों के हार और कंठा ने प्रभु के स्वरूप में दिव्य माधुर्य भर दिया।
श्रृंगार के बाद संपन्न मंगला आरती में सैकड़ों भक्तों ने भाग लेकर सुख–समृद्धि की कामना की।
मंदिर ट्रस्ट अध्यक्ष गोविंदा प्रसाद सोडानी ने बताया कि अष्टमी होने के कारण दर्शनार्थियों की संख्या सामान्य दिनों से अधिक रही।











































