लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
भीलवाड़ा: बढ़ती ठंड को देखते हुए सांसद दामोदर अग्रवाल ने निराश्रित लोगों को कड़ाके की ठंड से बचाने के लिए शहर में रैनबसेरों को सुव्यवस्थित और सर्वसुविधा युक्त बनाने की पहल की है।
सांसद के प्रवक्ता विनोद झुरानी ने बताया कि अग्रवाल ने जिला कलेक्टर, नगर निगम और नगर विकास न्यास को निर्देश दिए हैं कि रैनबसेरों में आवश्यक सामग्री उपलब्ध करवाई जाए, ताकि सर्दी के प्रकोप से निराश्रित लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
अग्रवाल के निर्देश पर न्यास और निगम के अधिकारियों ने रैनबसेरों को व्यवस्थित ढंग से संचालित करने के लिए आवश्यक तैयारियां शुरू कर दी हैं। साथ ही सांसद ने यह भी सुनिश्चित करने के लिए कहा कि शहर के फुटपाथों, रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर रहने वाले निराश्रित लोगों को रैनबसेरों तक पहुँचाने की व्यवस्था की जाए।
सांसद की यह पहल मानवीय संवेदना के तहत की गई है, ताकि शहर के असहाय लोग सर्दी में सुरक्षित रह सकें।













































