लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर (आर एन सांवरिया)। जयपुर विकास प्राधिकरण (JDA) की कार्यकारी समिति की 260वीं बैठक गुरुवार को आयोजित हुई, जिसकी अध्यक्षता JDA आयुक्त सिद्धार्थ महाजन ने की। बैठक में शहर के विभिन्न विकास एवं अवसंरचनात्मक प्रकरणों पर विचार-विमर्श कर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक में सांगानेर फ्लाईओवर से मालपुरा गेट तक, चोरड़िया पेट्रोल पंप होते हुए प्रस्तावित एलिवेटेड रोड निर्माण कार्य को कार्योत्तर स्वीकृति प्रदान की गई। यह परियोजना सांगानेर क्षेत्र में यातायात दबाव और जाम की समस्या दूर करने के लिए शुरू की जा रही है।
सर्वेक्षण और कंसल्टेंट सुझावानुसार, इस परियोजना में:
-
सांगानेर फ्लाईओवर से कल्याणपुरा आरओबी तक चार लेन एलिवेटेड रोड,
-
चोरड़िया पेट्रोल पंप से डिग्गी मालपुरा गेट के समीप दो लेन एलिवेटेड रोड शामिल है।
परियोजना का अनुमानित व्यय लगभग 240 करोड़ रुपये है। कार्य पूरा होने पर सांगानेर क्षेत्र में यातायात सुगमता, समय की बचत और प्रदूषण में कमी होगी।
साथ ही, सांगानेर क्षेत्र में सीवरेज सुदृढ़ीकरण के तहत बंबाला क्षेत्र के समीप 40 एमएलडी क्षमता वाला सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसबीआर तकनीक आधारित) के EPCC एवं परफॉर्मेंस आधारित कार्यों के लिए स्वीकृति भी दी गई। यह परियोजना क्षेत्र में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सतत शहरी विकास को मजबूत करेगी।
बैठक में निदेशक वित्त सुरेश वर्मा, निदेशक अभियांत्रिकी-द्वितीय अजय गर्ग, निदेशक आयोजना मृणाल जोशी और अतिरिक्त आयुक्त भागचंद बधाल उपस्थित रहे।
कार्यकारी समिति के ये निर्णय राज्य सरकार की जनहितकारी नीतियों के अनुरूप शहरी विकास को सुदृढ़ बनाने और जयपुर को सुगम, सुरक्षित एवं आधुनिक शहर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माने जा रहे हैं।
