लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
ख्वाजा साहब के दरबार में लगाई हाजिरी
राजस्थान से वरिष्ठ संवाददाता : नितिन मेहरा
अजमेर। बॉलीवुड अभिनेता रितेश देशमुख शुक्रवार को पत्नी जेनेलिया देशमुख और बच्चों के साथ अजमेर शरीफ दरगाह पहुंचे। यहां उन्होंने सूफी संत ख्वाजा मोइनुद्दीन हसन चिश्ती की मजार पर मखमली चादर और अकीदत के फूल पेश किए। परिवार की सुख-समृद्धि के साथ देश में अमन-चैन, खुशहाली और आपसी भाईचारे की दुआ मांगी।
चादर पेश कर की जियारत, खादिमों ने की दस्तारबंदी
दरगाह पहुंचने पर रितेश देशमुख और जेनेलिया ने पूरे अदब के साथ ख्वाजा साहब की जियारत की। दरगाह के खादिमों ने परिवार को परंपरागत रीति-रिवाजों के अनुसार जियारत करवाई। इस दौरान अभिनेता की दस्तारबंदी कर स्वागत किया गया और परिवार को तबर्रुक भेंट किया गया। 
बॉलीवुड सितारों की एक झलक पाने को उमड़े प्रशंसक
रितेश देशमुख और जेनेलिया देशमुख के अजमेर शरीफ पहुंचने की खबर फैलते ही प्रशंसकों में उत्साह देखने को मिला। शुक्रवार होने के कारण दरगाह में पहले से ही जायरीन की भीड़ मौजूद थी। ऐसे में प्रशंसक अपने पसंदीदा सितारों की एक झलक पाने और उनके साथ तस्वीरें लेने के लिए उत्सुक नजर आए।
सुरक्षा घेरे में दरगाह से रवाना हुआ परिवार
दरगाह परिसर में भीड़ बढ़ने पर पुलिस और सुरक्षाकर्मियों ने व्यवस्था संभाली। सुरक्षा के बीच रितेश देशमुख, जेनेलिया और उनके बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इसके बाद परिवार अपने वाहनों से रवाना हो गया।
लोक टुडे न्यूज़ |