लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
कठूमर, अलवर (रिपोर्टर संजीव बंसल)। बीकानेर जिले के बज्जू थाना क्षेत्र के रणजीतपुरा गांव में आठवीं कक्षा की 13 वर्षीय बालिका के साथ हुए दुष्कर्म और हत्या के मामले को लेकर राजस्थान प्रान्तीय सैन समाज उत्थान समिति, तहसील कठूमर ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन के माध्यम से समाज ने पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने, सभी आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तारी और मामले की फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई कर उन्हें कड़ी सजा (फांसी) दिलाने की मांग की। ज्ञापन में यह भी अनुरोध किया गया कि पीड़ित परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी प्रदान की जाए, डेयरी बूथ आवंटित किया जाए और मुख्यमंत्री राहत कोष से एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता दी जाए।
सैन समाज ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन समय पर कार्रवाई नहीं करता है तो पूरे जिले में धरना-प्रदर्शन और प्रदेशव्यापी आंदोलन किया जाएगा।
समाज के पदाधिकारियों में अध्यक्ष राम सिंह सैन, बिहारी लाल सैन, मनोज बैरका सैन, पप्पन राम सैन, पटेल सैन, पप्पू सैन, कुमार पाल सैन, पंकज सैन, यशपाल सैन, नंदलाल सैन, सुखबीर सैन, बबलू कुमार तथा आईएफडब्ल्यूजे के अध्यक्ष बिनोद सैन शामिल रहे।
समाज ने प्रशासन से इस घटना के बाद भविष्य में इस प्रकार की अपराध घटनाओं को रोकने के लिए सख्त और प्रभावी कदम उठाने की भी मांग की है।
यह मामला पूरे क्षेत्र में गहरी संवेदनशीलता और आक्रोश पैदा कर चुका है, और स्थानीय जनता की निगाहें अब प्रशासन की तेज कार्रवाई पर टिकी हैं।
