लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
भीलवाड़ा । (पंकज पोरवाल) जिला रोजगार कार्यालय द्वारा बुधवार को आई.टी.आई. परिसर में एक दिवसीय रोजगार सहायता शिविर का आयोजन किया गया। प्रातः 9 बजे शिविर का शुभारम्भ जिला उद्योग केन्द्र के महाप्रबन्धक के.के. मीणा, आई.टी.आई. के संयुक्त निदेशक फैजल खान, जिला रोजगार कार्यालय के उप निदेशक मुकेश गुर्जर तथा जिला कौशल समन्वयक ललित चौधरी द्वारा किया गया।
शिविर में 12 निजी कंपनियों ने भाग लेकर विभिन्न पदों के लिए साक्षात्कार प्रक्रिया आयोजित की। इस दौरान कुल 319 आशार्थियों का प्रारंभिक चयन किया गया। चयनित उम्मीदवारों को आगामी प्रक्रियाओं के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी प्रदान किए गए। शिविर का मुख्य उद्देश्य युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना और उनकी योग्यता के अनुरूप निजी क्षेत्र में नियुक्ति सुनिश्चित करना रहा।
कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों ने युवाओं को आत्मनिर्भर बनने और कौशल विकास में रुचि लेने के लिए प्रेरित किया। शिविर में बड़ी संख्या में बेरोजगार युवाओं ने भाग लिया तथा रोजगार के अवसरों को लेकर उत्साह दिखाया।
यह पहल जिले में रोजगार के अवसर बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

















































