रोहित गोदारा–राहुल रिणाउ गैंग के 8 गुर्गे गिरफ्तार

0
91
- Advertisement -
लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
सीकर पुलिस का बड़ा एक्शन: 
रंगदारी मांगने वाले संगठित गिरोह पर शिकंजा, BNS के नए प्रावधानों के तहत संपत्ति कुर्की की प्रक्रिया शुरू
जयपुर, । पुलिस मुख्यालय एवं जयपुर रेंज आईजी एच.जी. आर. सुहास के निर्देशानुसार गैंगस्टर्स के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सीकर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। धनाढ्य व्यापारियों को धमकाकर रंगदारी वसूलने वाले कुख्यात गैंगस्टर रोहित गोदारा और राहुल रिणाउ के संगठित गिरोह से जुड़े 8 गुर्गों को गिरफ्तार किया गया है।
रामगढ़ सेठान थाना क्षेत्र से गिरफ्तारी
सीकर पुलिस अधीक्षक प्रवीण नायक नूनावत के निर्देश पर रामगढ़ सेठान थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए इस गिरोह से संपर्क रखने वाले कुल 8 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। यह कार्रवाई फतेहपुर वृत्ताधिकारी अरविंद कुमार एवं थानाधिकारी प्रकाश चंद्र के नेतृत्व में गठित विशेष टीम द्वारा की गई।
BNS की कठोर धाराओं में दर्ज हुआ मामला
जयपुर रेंज आईजी एच.जी. राघवेन्द्र सुहास ने बताया कि अभियुक्त संगठित अपराध सिंडिकेट से जुड़े पाए गए हैं, जिस कारण उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) के नए एवं कठोर प्रावधानों के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। थाना रामगढ़ सेठान में संगठित अपराध एवं आईटी एक्ट की धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच की जा रही है।
त्वरित कार्रवाई में 8 आरोपी गिरफ्तार
11 दिसंबर को की गई कार्रवाई में गिरफ्तार अभियुक्त—मनोज चांदोलिया (38),मुकेश चांदोलिया (34),योगेश कुमार (40),महेंद्र सिंह (24),रवि उर्फ आर.के. जाखड़ (28), हरिश छापोलिया (29), जसवंत उर्फ पिन्टू (31), रितिक जाड़ीवाल (28), 
सभी आरोपी रामगढ़ सेठान एवं आसपास के क्षेत्रों के निवासी हैं और वर्तमान में पुलिस अभिरक्षा में हैं।
अपराध से अर्जित संपत्ति होगी कुर्क
आईजी श्री सुहास ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता–2023 की धारा 107 के तहत नवीन प्रावधानों के अनुसार कार्रवाई की जा रही है। इसके तहत अपराध से अर्जित संपत्तियों को कुर्क करने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।
वांछित अपराधियों पर इनाम की तैयारी
इसके साथ ही गैंग से जुड़े फरार वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए प्रत्येक पर 50-50 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि संगठित अपराधों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी इसी सख्ती से जारी रहेगी।
- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here