लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
फुलेरा, रिपोर्ट – डब्लू गोस्वामी
फुलेरा रेलवे स्टेशन पर आज आरपीएफ की सतर्कता से एक यात्री का खोया हुआ वॉलेट सुरक्षित लौटाया गया।
जानकारी के अनुसार, प्लेटफॉर्म संख्या 2-3 पर ड्यूटी के दौरान सब इंस्पेक्टर विक्रम सिंह और हेड कांस्टेबल कुसुम को एक बेंच पर लावारिस हालत में पड़ा वॉलेट दिखाई दिया। जांच के लिए मौके पर खानपान ट्रॉली संचालक कालूराम को बुलाया गया। वॉलेट खोलने पर उसमें ₹11,405 नगद, एक एटीएम कार्ड और आधार कार्ड बरामद हुआ। आधार कार्ड से वॉलेट मालिक की पहचान नारायण सिंह पुत्र उमसिंह, निवासी पुरोहितों की ढाणी, रतनगढ़, जोधपुर के रूप में हुई।
थोड़ी ही देर बाद नारायण सिंह आरपीएफ थाना फुलेरा पहुंचे। उन्होंने बताया कि वे फुलेरा से जोधपुर जाने के लिए टिकट लेकर प्लेटफॉर्म पर बैठे थे, तभी उनका वॉलेट जेब से गिर गया। बाद में यात्रियों से जानकारी मिलने पर उन्हें पता चला कि वॉलेट आरपीएफ के पास है।
आरपीएफ ने आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद वॉलेट सहित पूरी नगद राशि और दस्तावेज़ यात्री को लौटा दिए। वॉलेट सुरक्षित मिलने पर यात्री नारायण सिंह ने आरपीएफ फुलेरा का आभार व्यक्त किया और विशेष रूप से सब इंस्पेक्टर विक्रम सिंह व उनकी टीम की सराहना की।
