लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
मनजीत सिंह, ब्यूरो चीफ श्रीगंगानगर
रील बनाने के लिए टावर पर चढ़ना दो युवकों को पड़ा भारी, पुलिस ने हिरासत में लिया
श्रीगंगानगर।
श्रीकरणपुर में उस समय हड़कंप मच गया जब दो युवक रील बनाने के लिए आर्मी के बड़े टावर पर चढ़ गए। यह टावर श्रीगुरुनानक खालसा स्कूल के पुराने परिसर में स्थित है। टावर पर युवकों को तेजी से चढ़ते देख आसपास मौजूद लोग उन्हें रोकने की कोशिश करते रहे, लेकिन दोनों लगातार ऊंचाई की ओर बढ़ते चले गए।
जैसे ही घटना की जानकारी मिली, लोगों ने तुरंत 112 नंबर और श्रीकरणपुर थाने में सूचना दी। सूचना मिलते ही एसआई मालासिंह के नेतृत्व में पुलिस दल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने आवाज लगाकर युवकों को नीचे उतरने का प्रयास किया, लेकिन अत्यधिक ऊंचाई के कारण उनकी आवाज ऊपर नहीं पहुंच सकी।
इसके बाद पुलिस ने वाहन का सायरन बजाया। तेज आवाज सुनकर युवकों ने नीचे झांककर पुलिस को देखा और इशारा मिलने पर धीरे-धीरे नीचे उतरना शुरू किया। करीब आधे घंटे के रेस्क्यू के बाद दोनों युवक सुरक्षित नीचे आ गए। पुलिस ने दोनों को मौके पर ही हिरासत में ले लिया।
प्रारंभिक पूछताछ में युवकों ने स्वीकार किया कि वे मोबाइल से रील बनाने के लिए टावर पर चढ़े थे। दोनों की पहचान इस प्रकार हुई—
-
संदीप (27 वर्ष) पुत्र मनफूल राम नायक, निवासी वार्ड 2
-
कुलदीप (18 वर्ष) पुत्र भंवरलाल मेघवाल, निवासी वार्ड 5
पुलिस अब पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।