लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
8 लाख छात्रों की बढ़ी धड़कनें
रिपोर्ट: नितिन मेहरा, अजमेर
अजमेर। राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (RBSE) की 12वीं कक्षा की परीक्षा देने वाले करीब 8 लाख विद्यार्थियों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। बोर्ड प्रशासन अब परिणाम को अंतिम रूप देने में जुटा हुआ है और संभावना जताई जा रही है कि अप्रैल 2026 के पहले सप्ताह में रिजल्ट जारी किया जा सकता है।
तीनों संकायों का रिजल्ट एक साथ संभव
इस बार बोर्ड एक बड़ा बदलाव करने की तैयारी में है। आमतौर पर विज्ञान, वाणिज्य और कला संकाय के परिणाम अलग-अलग जारी होते हैं, लेकिन इस वर्ष कला (Arts), विज्ञान (Science) और वाणिज्य (Commerce) के साथ वरिष्ठ उपाध्याय का परिणाम भी एक साथ घोषित किया जा सकता है।
मूल्यांकन कार्य अंतिम चरण में
बोर्ड सूत्रों के अनुसार, उत्तर पुस्तिकाओं की जांच का कार्य लगभग पूरा हो चुका है। फिलहाल अंकों को पोर्टल पर अपलोड करने (डाटा प्रोसेसिंग) का काम तेजी से चल रहा है। जल्द ही बोर्ड की ओर से परिणाम की आधिकारिक तारीख और समय की घोषणा की जाएगी।
छात्रों के लिए महत्वपूर्ण जानकारी
- परीक्षार्थियों की संख्या: लगभग 8 लाख
- संभावित परिणाम तिथि: अप्रैल 2026 का प्रथम सप्ताह (संभावित 31 मार्च से 5 अप्रैल के बीच)
- रिजल्ट वेबसाइट: rajeduboard.rajasthan.gov.in
प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए होगा ऐलान
उम्मीद है कि बोर्ड अध्यक्ष या शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से परिणाम घोषित करेंगे। छात्र अपने रोल नंबर या नाम के जरिए ऑनलाइन स्कोरकार्ड डाउनलोड कर सकेंगे।
रिजल्ट को लेकर विद्यार्थियों और अभिभावकों में उत्सुकता चरम पर है।


















































