लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
वर्षों बाद जगी पक्के घर की उम्मीद
ग्रामीण सेवा शिविर में मौके पर हुआ आवेदन का निस्तारण, प्रधानमंत्री आवास योजना का रास्ता हुआ आसान
रियांबड़ी (नागौर) |
नागौर जिले के रियांबड़ी उपखंड की ग्राम पंचायत आलनियावास में बुधवार को आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर में एक भावुक क्षण देखने को मिला, जब राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित दिवंगत युवा कलाकार के परिवार को आवासीय पट्टा प्रदान किया गया। पट्टा मिलते ही लाभार्थी के चेहरे पर खुशी झलक उठी और उन्होंने प्रशासन व जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया।
आवासीय पट्टा मिलने से पक्के घर की उम्मीद जगी
जानकारी के अनुसार, राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त दिवंगत कलाकार के निधन के बाद उनका परिवार आर्थिक और सामाजिक कठिनाइयों का सामना कर रहा था। स्थायी आवास नहीं होने के कारण परिवार को काफी परेशानी उठानी पड़ रही थी।
ग्राम पंचायत प्रशासन की पहल पर परिवार को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने की प्रक्रिया शुरू की गई, जिसके लिए आवासीय पट्टा आवश्यक था।
ग्रामीण सेवा शिविर में श्रीमती चुका देवी पत्नी स्वर्गीय गुदड़राम के आवेदन का मौके पर ही निस्तारण करते हुए पात्रता के आधार पर उन्हें आवासीय पट्टा प्रदान किया गया। पट्टा मिलने के बाद उन्होंने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि अब उनके परिवार को पक्का घर मिलने की उम्मीद मजबूत हो गई है।
22 विभागों ने एक ही स्थान पर दीं सेवाएं
शिविर में 22 विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर विभिन्न प्रकरणों का मौके पर निस्तारण किया। साथ ही पात्र लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया गया।
अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
इस अवसर पर तहसीलदार अशोक कुमार, नायब तहसीलदार रामचंद्र भंवरिया, विकास अधिकारी भंवरलाल सिंघाड़िया, सहायक विकास अधिकारी नंदकिशोर टाक, कृषि अधिकारी (एओ) छोटाराम गोदारा, राजस्व निरीक्षक चेनाराम, ग्राम विकास अधिकारी नौरतमल, पटवारी रामनिवास बोरानिया, कनिष्ठ सहायक रामरतन, कृषि पर्यवेक्षक रीना चौधरी, प्रशासक पुष्पा देवी शर्मा, प्रशासक प्रतिनिधि ब्रह्मदेव शर्मा, समाजसेवी रिछपाल सारण सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
ग्रामीणों ने कहा कि ग्रामीण सेवा शिविरों के माध्यम से जरूरतमंदों को सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर मिल रहा है तथा विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होने से आमजन को राहत मिल रही है।
