लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
कोटपूतली। अलसुबह से हो रही लगातार बारिश ने कोटपूतली नगर परिषद की जलनिकासी व्यवस्था की हकीकत उजागर कर दी। शहर के कई इलाकों में नालियां और बड़े नाले उफान पर आ गए, जिससे जगह-जगह जलभराव की स्थिति बन गई। सड़कों, गलियों और कई रिहायशी क्षेत्रों में पानी भरने से लोगों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
बारिश के चलते शहर के निचले इलाकों में पानी जमा हो गया, जबकि कई स्थानों पर घरों के बाहर और आसपास भी पानी भरने की शिकायतें सामने आई हैं। जलभराव के कारण वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
लगातार हो रही बारिश के बीच नगर परिषद की जलनिकासी व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि मानसून से पहले नालों और नालियों की समय पर सफाई एवं आवश्यक तैयारियां नहीं होने के कारण हर वर्ष बारिश में ऐसी स्थिति उत्पन्न हो जाती है।
फिलहाल बारिश का दौर जारी है और यदि इसी तरह वर्षा होती रही तो शहर के अन्य इलाकों में भी जलभराव की समस्या और गंभीर हो सकती है। नागरिकों ने नगर परिषद से जल्द जलनिकासी की व्यवस्था दुरुस्त करने और प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्य शुरू करने की मांग की है।