- Advertisement -
नई दिल्ली में रक्षा विनिर्माण अवसर सम्मेलन आयोजित
लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
नई दिल्ली। देश में रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता को प्रोत्साहन देने और स्वदेशी निर्माण के नए अवसरों पर चर्चा के उद्देश्य से “रक्षा विनिर्माण के अवसर” विषयक राष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन नई दिल्ली में किया गया।
इस कार्यक्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, थल सेना प्रमुख (सीओएएस) सहित सेना, नौसेना और वायुसेना के कई वरिष्ठ अधिकारी, रक्षा उद्योग से जुड़े उद्यमी, वैज्ञानिक और विशेषज्ञ शामिल हुए।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘आत्मनिर्भर भारत’ के संकल्प को साकार करने में रक्षा क्षेत्र की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। हमारा लक्ष्य है कि आने वाले वर्षों में भारत न केवल अपने लिए बल्कि मित्र देशों के लिए भी रक्षा उपकरणों का उत्पादन करे।”
उन्होंने यह भी कहा कि सरकार लगातार ऐसी नीतियाँ लागू कर रही है जिससे निजी क्षेत्र, स्टार्टअप्स और युवा नवाचारकर्ताओं को रक्षा निर्माण में अधिक अवसर मिल सकें।
इस अवसर पर कर्नल प्रशस्ति भाटी भी कार्यक्रम में मौजूद रहीं। उन्होंने कहा कि “रक्षा निर्माण में अब केवल तकनीक ही नहीं, बल्कि विचारों की विविधता भी जरूरी है। महिलाओं की भागीदारी इस क्षेत्र में नई ऊर्जा और दृष्टि ला सकती है। आज की युवा पीढ़ी में तकनीकी क्षमता और देशभक्ति दोनों हैं — बस उन्हें सही मंच देने की आवश्यकता है।”
कर्नल भाटी ने स्वदेशी अनुसंधान, रक्षा तकनीक में नवाचार और सैन्य सशक्तिकरण में युवाओं की भूमिका पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भारत की नई पीढ़ी अब रक्षा नवाचार की अगुवाई करने के लिए तैयार है।
कार्यक्रम के दौरान रक्षा क्षेत्र से जुड़ी कंपनियों और स्टार्टअप्स ने अपने उत्पादों का प्रदर्शन किया, जिनमें ड्रोन तकनीक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित उपकरण और स्मार्ट वेपन सिस्टम्स शामिल थे।
- Advertisement -














































