लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
नावा सिटी (रिपोर्टर — मनीष पारीक)। कस्बे के रैनबो इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित वार्षिक उत्सव “UMANG-2026” इस वर्ष भव्यता, अनुशासन और रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ ऐतिहासिक रूप से संपन्न हुआ। कार्यक्रम में विद्यार्थियों की प्रतिभा, रचनात्मकता और सांस्कृतिक समृद्धि का अद्भुत संगम देखने को मिला, जिसने उपस्थित अतिथियों और अभिभावकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि नगर पालिका मंडल नावा के नेता प्रतिपक्ष अवधेश पारीक एवं विद्यालय प्रबंधन द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात कक्षा VIII की छात्रा टीना कुमावत द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
कार्यक्रम में एक से बढ़कर एक मनमोहक प्रस्तुतियां देखने को मिलीं। यशवंत व टीम द्वारा “अंगुली पकड़कर चला”, अल्फिना व टीम द्वारा “स्कूल चले हम”, टीना व टीम द्वारा “तारक मेहता कॉमेडी”, दिशा व टीम द्वारा पंजाबी नृत्य, भूमि व टीम द्वारा “छोटा बच्चा”, नुजत व आयत द्वारा “कश्मीर से कन्याकुमारी तक”, यशवंत व हिमांशी द्वारा “तेजल सुपर डुपर”, अलीना व मासिफा द्वारा “लुक छुप ना जाओ जी”, ज्योति कुमावत द्वारा “म कोनी चालू चालू सा”, हिमांशी चौधरी द्वारा “ल्यायो बालम जिप्सी” एवं रुखसार द्वारा “बंठन के चली” पर प्रस्तुत नृत्यों ने खूब तालियां बटोरीं। अंत में कक्षा VIII के विद्यार्थियों का सामूहिक नृत्य विशेष आकर्षण रहा।
नन्हे-मुन्नों की प्रस्तुतियों ने सभी का दिल जीत लिया। वहीं कक्षा V की मासिफा व आयत, कक्षा IV की अलीना तथा कक्षा VIII की टीना कुमावत ने अपने विचारों से सभी को प्रभावित किया।
विद्यार्थियों को किया गया सम्मानित
कार्यक्रम में सह-शैक्षणिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया। कक्षा में प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को मेडल तथा कक्षा V और VIII में ए ग्रेड प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को स्मृति चिन्ह प्रदान किए गए।
मुख्य अतिथि अवधेश पारीक ने विद्यालय की व्यवस्थाओं और विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। विद्यालय के निदेशक प्रताप बेनीवाल एवं सह-निदेशक महेंद्र पारीक ने “UMANG-2026” को विद्यार्थियों की प्रतिभा प्रदर्शित करने का सशक्त मंच बताया।
अंत में विद्यालय परिवार ने सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। बड़ी संख्या में उपस्थित अभिभावकों ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए इसे अत्यंत सफल बताया। पूरे आयोजन में उत्साह, उमंग और संस्कृति का अद्भुत संगम देखने को मिला।


















































