Home latest  रेलवे स्टेशन पर बैठने की व्यवस्था नहीं, यात्रियों को हो रही भारी...

 रेलवे स्टेशन पर बैठने की व्यवस्था नहीं, यात्रियों को हो रही भारी परेशानी

0

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

नावा सिटी (प्रदीप कुमार डागा)। मुख्यालय स्थित नावा सिटी रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के लिए पर्याप्त बैठने की व्यवस्था नहीं होने से आमजन को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्री यहां से रेल यात्रा करते हैं, लेकिन दोनों प्लेटफॉर्मों पर सीमित बैठने की सुविधा के कारण यात्रियों को लंबे समय तक खड़े रहकर ट्रेनों का इंतजार करना पड़ता है।

इस समस्या को लेकर समाजसेवी मनोज गंगवाल ने रेलवे के उच्च अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों से मांग करते हुए कहा है कि यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्टेशन के दोनों प्लेटफॉर्मों पर पर्याप्त संख्या में बेंच एवं कुर्सियां तत्काल उपलब्ध करवाई जानी चाहिए।

उन्होंने बताया कि बैठने की समुचित व्यवस्था के अभाव में विशेष रूप से बुजुर्ग, महिलाएं, दिव्यांगजन एवं छोटे बच्चों के साथ यात्रा करने वाले यात्रियों को अधिक परेशानी का सामना करना पड़ता है।

मनोज गंगवाल ने कहा कि रेलवे स्टेशन किसी भी शहर की पहचान और विकास का महत्वपूर्ण केंद्र होता है, ऐसे में यात्रियों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना रेलवे प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने सुझाव दिया कि दोनों प्लेटफॉर्मों पर कम से कम 40-40 अतिरिक्त बेंच या कुर्सियां लगाई जाएं, ताकि यात्रियों को राहत मिल सके और स्टेशन की सुविधाओं में सुधार हो सके।

उन्होंने जनप्रतिनिधियों से भी इस मुद्दे को गंभीरता से उठाने की अपील की। उन्होंने विश्वास जताया कि रेलवे प्रशासन इस मांग पर सकारात्मक विचार करते हुए शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करेगा, जिससे यात्रियों को राहत मिलेगी और स्टेशन की सुविधाओं में सुधार होगा।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version