Home latest ऑनलाइन गेमिंग व क्रिकेट सट्टा ठगी गैंग का पर्दाफाश

ऑनलाइन गेमिंग व क्रिकेट सट्टा ठगी गैंग का पर्दाफाश

0

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

नागौर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ऑनलाइन गेमिंग व क्रिकेट सट्टा ठगी गैंग का पर्दाफाश, तीन गिरफ्तार, एक बाल अपचारी निरुद्ध

नागौर (प्रदीप कुमार डागा)। जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में नागौर पुलिस और डीएसटी (DST) टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए ऑनलाइन गेम्स के माध्यम से आम जनता से ठगी करने वाले एक बड़े गिरोह का भंडाफोड़ किया है। कोतवाली थाना पुलिस ने इस कार्रवाई में तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक बाल अपचारी को निरुद्ध किया गया है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 01 लैपटॉप, 15 स्मार्टफोन तथा क्रिकेट सट्टा बुकी के हिसाब-किताब का एक रजिस्टर बरामद किया है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशाराम चौधरी के निर्देशन एवं वृत्त अधिकारी जतिन जैन के निकट सुपरविजन में कोतवाली थानाधिकारी मय टीम द्वारा मुखबिर की पुख्ता सूचना पर यह कार्रवाई की गई। सूचना के आधार पर पुलिस ने मानासर चौराहा के पास स्थित एक मकान पर दबिश दी, जहां आरोपी ऑनलाइन गेमिंग प्लेटफॉर्म ‘Cricway App’ सहित अन्य माध्यमों से सट्टा संचालन कर रहे थे।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी आमजन को प्रलोभन देकर लाखों रुपये का अवैध लेनदेन कर रहे थे।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राकेश (22) निवासी लालाप (थाना भावण्डा), अशोक (18) एवं गजेन्द्र (18) निवासी सिणोद (थाना खींवसर) के रूप में हुई है। पुलिस ने सभी के खिलाफ कोतवाली थाना नागौर में मुकदमा संख्या 189/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं तथा आईटी एक्ट के तहत जांच शुरू कर दी है।

नागरिकों से अपील:
पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध या आपराधिक गतिविधि की सूचना तुरंत मोबाइल नंबर 8764521201 पर कॉल या व्हाट्सएप के माध्यम से दें। सूचना देने वाले का नाम गोपनीय रखा जाएगा।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version