लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
राज्यपाल पुरस्कार से सम्मानित स्काउटों का सम्मान, जी स्कूल में दीक्षा संस्कार कार्यक्रम आयोजित
भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)। हिंदुस्तान स्काउट गाइड राजस्थान राज्य के नेतृत्व में जी स्कूल में संचालित स्काउट–गाइड दल द्वारा शनिवार को दीक्षा संस्कार कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत शहर विधायक अशोक कोठारी एवं भाजपा जिला अध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा ने दीप प्रज्वलन कर की।
इस अवसर पर राज्यपाल पुरस्कार प्राप्त स्काउटों को राज्यपाल पुरस्कार प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। स्कूल संचालक पवन खेमका ने अतिथियों का स्वागत एवं धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष मेवाड़ा और विधायक कोठारी ने सभी स्काउट–गाइड सदस्यों को राष्ट्र सेवा की शपथ दिलाई।
स्काउट–गाइड जिला आयोजक मोहनलाल महरिया ने स्काउट–गाइड की गतिविधियों, आगामी कार्यक्रमों तथा संगठन के इतिहास की जानकारी प्रस्तुत की।
स्काउट–गाइड : राष्ट्रीय सेवा का सेतु
विधायक अशोक कोठारी ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा ही पहला धर्म है। यदि व्यक्ति के जीवन में सेवा की भावना हो, तो वह हर लक्ष्य प्राप्त कर सकता है। स्काउट–गाइड संगठन लंबे समय से राष्ट्रीय सेवा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता आया है और किसी भी आपदा में हमेशा अग्रणी रहता है।
उन्होंने कहा कि स्काउट–गाइड बच्चों में संस्कार, सेवा भाव, अनुशासन और देशहित की भावना का विकास करता है। भीलवाड़ा शहर के स्काउटों ने राष्ट्रीय स्तर पर जाकर जिले का नाम गौरवान्वित किया है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि प्रत्येक बालक को स्काउट–गाइड से जुड़ना चाहिए।
भाजपा जिला अध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा ने कहा कि सरकारी कार्यक्रमों, सामाजिक अभियानों और आपदा प्रबंधन में स्काउटों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। कोरोना महामारी सहित हर संकट में स्काउट–गाइड ने सेवा का उत्कृष्ट परिचय दिया है। उन्होंने कहा कि स्काउट–गाइड के नियम और प्रतिज्ञाएं जीवन को सफल और सार्थक बनाती हैं।
पौधारोपण और आभार प्रदर्शन
कार्यक्रम के बाद सभी अतिथियों ने ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण किया।
प्रधानाचार्य वंदना सिंह ने अतिथियों का स्वागत एवं आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम का सफल संचालन स्काउट मास्टर पवन बावरी एवं अध्यापिका प्रियंका वैष्णव ने किया।
इस दौरान वाइस प्रिंसिपल मुकेश सिसोदिया, प्राइमरी ब्रांच प्रिंसिपल चारु शर्मा, भीमराज मेहता, प्रमोद सेठी, राहुल साहू, रीना वर्मा, राधिका गंधर्व, ज्योत्सना श्रीवास्तव, श्वेता जैन सहित कई शिक्षक–शिक्षिकाएं एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।


















































