लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
देशभक्ति, अनुशासन और अखण्डता का अद्भुत संगम – सरदार पटेल @150 यूनिटी मार्च में सलूंबर की सक्रिय भागीदारी
सलूंबर ।
सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर मनाए जा रहे राष्ट्रीय एकता दिवस के उपलक्ष्य में बुधवार को सलूंबर में जिला स्तरीय “एकता रन” कार्यक्रम का भव्य आयोजन हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत अतिरिक्त जिला कलेक्टर डॉ. दिनेश राय सापेला और पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार यादव ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना करने से की। पूरा शहर देशभक्ति, अनुशासन और अखण्डता की भावना से ओतप्रोत नजर आया।
रैली के समापन पर उपस्थितजनों ने “राष्ट्रीय एकता की शपथ” ली और देश की एकता, अखण्डता एवं सुरक्षा के प्रति समर्पण दोहराया।
“सरदार पटेल अमर रहें” के नारों से गूंजा सलूंबर
“एकता रन” रैली राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, सलूंबर परिसर से प्रारंभ होकर बस स्टैंड मार्ग से होते हुए पुनः विद्यालय परिसर में ही सम्पन्न हुई।
रैली मार्ग पर नागरिकों ने पुष्पवर्षा और तालियों से प्रतिभागियों का स्वागत किया। “सरदार पटेल अमर रहें” और “भारत माता की जय” के नारों से वातावरण गुंजायमान हो उठा।
हर वर्ग की रही सहभागिता
कार्यक्रम में पुलिस विभाग, विद्यालयों के विद्यार्थी, एनसीसी-एनएसएस कैडेट्स, स्काउट-गाइड दल, महिला एवं बाल विकास विभाग, विभिन्न सरकारी विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, नगर परिषद कर्मी और स्वैच्छिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रतिभागी हाथों में राष्ट्रीय ध्वज और सरदार पटेल के चित्र लेकर दौड़े, जिससे कार्यक्रम में एकता और देशभक्ति का अद्भुत दृश्य देखने को मिला।

एकता, स्वच्छता और आत्मनिर्भरता का संकल्प
कार्यक्रम के दौरान जिला कलेक्टर अवधेश मीना सहित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सरदार पटेल के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें नमन किया। तत्पश्चात, कलेक्टर मीना ने उपस्थित जनसमूह को राष्ट्रीय एकता शपथ दिलाई, जिसमें सभी ने राष्ट्रीय एकता, स्वच्छता, नशा मुक्ति और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का संकल्प लिया।

“राष्ट्रीय एकता दिवस केवल उत्सव नहीं, यह हमारा कर्तव्य है” — जिला कलेक्टर
कार्यक्रम के समापन अवसर पर जिला कलेक्टर अवधेश मीना ने कहा —
“सरदार वल्लभभाई पटेल का जीवन राष्ट्र की एकता और अखण्डता का प्रतीक है। हमें उनके आदर्शों को अपने कर्म में उतारते हुए राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देना चाहिए। ‘राष्ट्रीय एकता दिवस’ केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि यह हमारे कर्तव्य, समर्पण और देशभक्ति की सजीव अभिव्यक्ति है।”
कार्यक्रम में प्रमुख उपस्थिति
इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलेक्टर डॉ. दिनेश राय सापेला, पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार यादव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बनवारी लाल मीणा, एसीईओ दिनेश चंद्र पाटीदार, आयुक्त गणपत लाल खटीक, एसडीएम जगदीश चंद्र बामनिया, अधिकारी-कर्मचारी, छात्र-छात्राएं और सामाजिक संगठन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।














































