लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)। हिन्दुस्तान जिंक की रामपुरा आगुचा माइंस में खान सुरक्षा निदेशालय, अजमेर क्षेत्र-1 व 2 के तत्वावधान में 39वें खान सुरक्षा सप्ताह की शुरुआत सुरक्षा ध्वज फहराकर एवं सुरक्षित कार्य की शपथ के साथ हुई। इस वर्ष सुरक्षा सप्ताह का थीम “सुरक्षित कार्यस्थल – विकसित भारत” निर्धारित किया गया है। पूरा माइंस परिसर सुरक्षा जागरूकता के रंग में रंगा नजर आया।
कार्यक्रम की शुरुआत आईबीयू सीईओ राममुरारी द्वारा ध्वजारोहण के साथ हुई। उन्होंने सभी कर्मचारियों को सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्ध रहने का संदेश देते हुए कहा कि रामपुरा आगुचा माइंस ने सुरक्षा मानकों और प्रक्रियाओं का निरंतर पालन कर खनन क्षेत्र में अपनी अलग पहचान स्थापित की है। उन्होंने कहा कि आने वाले वर्षों में इन मानकों को और ऊंचा उठाने का संकल्प लिया गया है, ताकि प्रत्येक कार्यकर्ता को सुरक्षित, स्वच्छ और अनुशासित कार्यस्थल उपलब्ध कराया जा सके।
ध्वजारोहण के बाद खनन एजेंट विकेश चित्तौड़ा ने श्रमिकों को सुरक्षित कार्य की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि सुरक्षा नियम केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि प्रत्येक श्रमिक और उसके परिवार की सुरक्षा से जुड़ी जिम्मेदारी है।
खनन प्रबंधक बसंत किशोर महंता ने भी कार्यस्थल पर सतर्कता, स्वच्छता, हाउसकीपिंग और मशीनों की नियमित देखरेख को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की अपील की। वहीं, आगुचा माइंस मजदूर संघ के महामंत्री एम.के. सोनी ने सुरक्षा उपकरणों के अनिवार्य उपयोग और कार्यस्थल पर अनुशासन बनाए रखने पर बल दिया।
सुरक्षा सप्ताह के दौरान विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें—सुरक्षा प्रदर्शनी, जागरूकता प्रतियोगिताएं, आपदा प्रबंधन मॉक ड्रिल और चिकित्सा जांच शिविर शामिल रहेंगे।
कार्यक्रम में वरिष्ठ अधिकारियों, इंजीनियरों, तकनीकी कर्मचारियों, बिजनेस पार्टनर्स और बड़ी संख्या में श्रमिकों ने भाग लिया। सभी ने दुर्घटना-मुक्त कार्य वातावरण सुनिश्चित करने और सुरक्षा सप्ताह को सफल बनाने का संकल्प लिया।


















































