लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
नानी बाई का मायरा और राम जन्म के प्रसंगों से श्रद्धालुओं ने लिया लाभ
उनियारा (सत्यप्रकाश मयंक)।
शहर के मुख्य बाजार में स्थित राम रघुनाथ मंदिर में चल रही राम कथा के चतुर्थ दिवस पर नानी बाई का मायरा, राम जन्म सहित अनेक प्रसंग सुनाए गए। भक्त शिरोमणि नरसी मेहता के भगवान के प्रति समर्पण को देखकर भगवान को भी नानी बाई का मायरा भरने आना पड़ा।
कथा वाचक राधिका दीदी ने राम जन्म के प्रसंग सुनाए, और भक्त भाव विभोर होकर रो पड़े। कथा के दौरान “भाये प्रकट कृपाला, दीन दयाला, कौशल्या हितकारी” जैसे भजनों पर श्रद्धालु झूम उठे।
राम जन्म पर टोफियां, गुब्बारे, गेंद और मिठाइयां बांटी गईं। भक्तों ने नानी बाई के मायरे में उपहार अर्पित किए। कथा के यजमान पारस पांचाल, मीनाक्षी पांचाल, लाड देवी पांचाल और राम पांचाल ने भगवान का पूजन संपन्न करवाया।
कथा के दौरान भजनों पर भक्तों ने नृत्य किया। पंडित अमित भारद्वाज ने राम रघुनाथ जी का मनमोहक दरबार सजाया। चतुर्थ दिवस की कथा का विश्राम अवध बिहारी जी की आरती के साथ संपन्न हुआ और भगवान को भोग अर्पित कर भक्तों में प्रसाद वितरित किया गया।
राम कथा सुनने के लिए बड़ी संख्या में उनियारा शहर और आसपास के गांवों के श्रद्धालु उपस्थित रहे।
