लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
अजमेर | नितिन मेहरा
अजमेर | राज्यपाल हरिभाऊ बागडे की ओर से अजमेर स्थित गरीब नवाज़ ख्वाजा मोईनुद्दीन हसन चिश्ती की दरगाह पर चादर पेश की गई। लोक भवन में पदस्थापित राजस्थान प्रशासनिक सेवा के अधिकारी एवं नियंत्रक हाउस होल्ड शरद तिवारी ने दरगाह पहुंचकर राज्यपाल की ओर से जियारत की और चादर चढ़ाई।
इस अवसर पर ख्वाजा साहब के सालाना उर्स के मौके पर राज्यपाल बागडे का संदेश भी पढ़कर सुनाया गया। अपने संदेश में राज्यपाल ने महान सूफी संत ख्वाजा मोईनुद्दीन हसन चिश्ती के अमन, शांति और भाईचारे के पैगाम को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
राज्यपाल ने कहा कि ख्वाजा साहब का उर्स “एक भारत श्रेष्ठ भारत” की भावना और सर्वधर्म सद्भाव की भारतीय संस्कृति से जुड़ा हुआ है। उन्होंने पीर-पैगम्बरों के उदात्त जीवन, उनके मानवतावादी चिंतन और भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों को महान बताते हुए ख्वाजा साहब की शिक्षाओं से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।
अपने संदेश में राज्यपाल ने ख्वाजा साहब को गरीब नवाज़ बताते हुए कहा कि वंचित, शोषित और गरीब वर्ग का कल्याण हम सभी की प्राथमिकता होना चाहिए। उन्होंने ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती के वार्षिक उर्स की बधाई और शुभकामनाएं देते हुए प्रदेशवासियों के सुखी, शांतिपूर्ण और खुशहाल जीवन के लिए प्रार्थना की।
इससे पूर्व लोक भवन में राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने अजमेर शरीफ दरगाह के लिए चादर भेंट कर संबंधित अधिकारी को सौंपने की औपचारिकता पूरी की।