लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
युवाओं के साथ बजट पूर्व संवाद: विकसित राजस्थान के लक्ष्य में युवाओं की भूमिका अहम
जयपुर । मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि भारत एक युवा राष्ट्र है और युवा ही देश व प्रदेश के कर्णधार हैं। युवाओं की ऊर्जा और शक्ति से ही विकसित भारत एवं विकसित राजस्थान के लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं के सशक्तिकरण और उनके सपनों को साकार करने के लिए पूर्ण रूप से संकल्पित है तथा बजट को युवा-केंद्रित बनाने की दिशा में ठोस प्रयास किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री शर्मा सोमवार को मुख्यमंत्री निवास पर सार्वजनिक क्षेत्र में रुचि रखने वाले विद्यार्थियों से बजट पूर्व संवाद कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने सभी युवाओं को राष्ट्रीय युवा दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्वामी विवेकानन्द हम सभी के प्रेरणास्रोत हैं। विवेकानन्द जी का संदेश है— लक्ष्य प्राप्ति तक निरंतर प्रयास करते रहना। जब युवा आगे बढ़ेंगे, तभी देश और प्रदेश प्रगति करेगा।
रोजगार सृजन सरकार की प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार के समय युवाओं के सपनों के साथ खिलवाड़ हुआ, लेकिन वर्तमान सरकार ने आते ही पेपर लीक मामलों पर सख्त कार्रवाई की। पिछले दो वर्षों में एक भी पेपर लीक नहीं हुआ है। उन्होंने बताया कि सरकार युवाओं को रोजगार के भरपूर अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। अब तक 1 लाख से अधिक सरकारी नौकरियां दी जा चुकी हैं, जबकि करीब डेढ़ लाख पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है। सरकार का लक्ष्य अगले पांच वर्षों में सरकारी क्षेत्र में 4 लाख और निजी क्षेत्र में 6 लाख नौकरियां उपलब्ध कराना है, जिनमें से निजी क्षेत्र में अब तक ढाई लाख रोजगार दिए जा चुके हैं।
उद्यमिता और कौशल विकास को बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं में उद्यमिता को प्रोत्साहित करने के लिए सरकार ने कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। राइजिंग राजस्थान के तहत हुए 35 लाख करोड़ रुपये के एमओयू में से 8 लाख करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट धरातल पर उतर चुके हैं। उन्होंने बताया कि 3 लाख से अधिक युवाओं को कौशल प्रशिक्षण दिया गया है, करीब 2 लाख युवाओं को इंटर्नशिप के अवसर मिले हैं, 65 आई-स्टार्टअप लॉन्चपैड नेस्ट स्थापित किए गए हैं तथा 658 स्टार्टअप्स को सरकारी सहायता प्रदान की गई है।
विकास का रोडमैप और आधारभूत सुविधाएं
मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि सरकार ने सत्ता संभालते ही विकास का स्पष्ट रोडमैप तैयार किया, जिसमें पानी और बिजली को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई। रामजल सेतु लिंक परियोजना, शेखावाटी के लिए यमुना जल समझौता, इंदिरा गांधी नहर, देवास, माही और नर्मदा परियोजनाओं पर तेजी से कार्य हो रहा है। बिजली आपूर्ति को लेकर उन्होंने कहा कि किसानों को दिन में बिजली देने का वादा पूरा किया जा रहा है और वर्तमान में 22 जिलों में दिन में बिजली उपलब्ध कराई जा रही है। जल्द ही राजस्थान बिजली के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनेगा।
राजस्थान में असीम संभावनाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सरकार ‘विकास के साथ विरासत’ की अवधारणा पर कार्य कर रही है। शेखावाटी क्षेत्र की 662 ऐतिहासिक हवेलियों को संरक्षण एवं पुनरुद्धार के लिए चिन्हित किया गया है। उन्होंने कहा कि राजस्थान में 82 प्रकार के खनिज संसाधन उपलब्ध हैं और पर्यटन की दृष्टि से प्रदेश की झीलें, किले, हवेलियां, मरुस्थल एवं धार्मिक स्थल विश्वभर में प्रसिद्ध हैं।
नई युवा नीति से मिलेगा आगे बढ़ने का अवसर
मुख्यमंत्री ने बताया कि ग्रामीण युवाओं को प्रशिक्षण सुविधा उपलब्ध कराने के लिए प्रत्येक ग्राम पंचायत में चरणबद्ध रूप से अटल ज्ञान केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं। साथ ही, राज्य सरकार नई युवा नीति के माध्यम से युवाओं को आगे बढ़ने के व्यापक अवसर प्रदान कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद के सिद्धांतों पर चलते हुए अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम के दौरान युवाओं ने सरकार द्वारा पिछले दो वर्षों में युवाओं के हित में लिए गए निर्णयों के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया और शिक्षा, रोजगार, कौशल विकास, उद्यमिता एवं स्टार्टअप से जुड़े सुझाव दिए। मुख्यमंत्री ने सभी सुझावों को गंभीरता से सुना और उन्हें आगामी बजट में शामिल करने का आश्वासन दिया।
इससे पूर्व मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर स्वामी विवेकानन्द के चित्र पर पुष्प अर्पित किए।
इस अवसर पर अतिरिक्त मुख्य सचिव कौशल एवं उद्यमिता संदीप वर्मा, प्रमुख शासन सचिव महिला एवं बाल विकास भवानी सिंह देथा, प्रमुख शासन सचिव वित्त वैभव गालरिया सहित वरिष्ठ अधिकारीगण एवं राजस्थान विश्वविद्यालय, राजकीय महाविद्यालयों, आईटीआई और पॉलिटेक्निक के बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।