लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
शेखावाटी को यमुना से मिलेगा भरपूर पानी, विकास और विरासत संरक्षण में सरकार की प्रतिबद्धता
सीकर/जयपुर । मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार विरासत के संरक्षण के साथ-साथ विकास के मूल मंत्र पर कार्यरत है। उन्होंने बताया कि गत दो वर्षों में सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं और आधारभूत संरचना के विकास को नई गति दी गई है।
शर्मा बुधवार को सीकर के रामगढ़ शेखावाटी में आयोजित विकास कार्यों के लोकार्पण और शिलान्यास समारोह में उपस्थित थे। उन्होंने कहा कि शेखावाटी की हवेलियां हमारी अनमोल धरोहर हैं और इनका संरक्षण सरकार की प्राथमिकता में है। झुंझुनूं, सीकर और चूरू की 662 ऐतिहासिक हवेलियों को चिन्हित कर पर्यटन हब के रूप में विकसित किया जाएगा और इसके लिए एक कानून भी लाया जाएगा।
फिल्म पर्यटन प्रोत्साहन नीति से मिलेगा लाभ
मुख्यमंत्री ने कहा कि शेखावाटी क्षेत्र फिल्म निर्माण के लिए आदर्श स्थान है। राज्य सरकार ने फिल्म पर्यटन प्रोत्साहन नीति-2025 जारी की है, जिससे पर्यटन गतिविधियों का विस्तार और स्थानीय रोजगार के अवसर सृजित होंगे।
यमुना जल समझौते की डीपीआर कार्य प्रारंभ
शेखावाटी क्षेत्र में पानी की उपलब्धता के लिए यमुना जल समझौते की क्रियान्विति की जा रही है। डीपीआर तैयार करने का कार्य शुरू हो चुका है। मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि शेखावाटी को यमुना का भरपूर पानी मिलेगा और राम जल सेतु लिंक परियोजना को भी तेजी से लागू किया जा रहा है।
गरीब कल्याण और महिला सशक्तिकरण
शर्मा ने बताया कि लखपति दीदी योजना के माध्यम से प्रदेश की 19 लाख 45 हजार महिलाओं को प्रशिक्षण देकर 12 लाख से अधिक महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाया गया है। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की राशि ₹5,000 से बढ़ाकर ₹6,500 की गई, लगभग 10 लाख महिलाओं को लाभ मिला। लाडो प्रोत्साहन योजना के तहत 4 लाख 60 हजार बालिकाओं को लाभ दिया गया। पशुपालकों को दूध पर ₹5 प्रति लीटर अनुदान और आंगनवाड़ी केन्द्रों में पौष्टिक आहार के लिए दूध उपलब्ध करवाया जा रहा है।
युवाओं के लिए रोजगार अवसर
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को रोजगार देने के लिए 92 हजार पदों पर नियुक्तियां दी गई हैं और 1 लाख 53 हजार से अधिक पदों पर भर्ती प्रक्रियाधीन है। सरकार 5 साल में 4 लाख सरकारी नौकरियों का लक्ष्य पूरा करेगी।
दो वर्षों में पांच साल के काम से अधिक कार्य संपन्न
-
बिजली उत्पादन क्षमता में 6,363 मेगावाट की वृद्धि (पिछली सरकार में 3,952 मेगावाट)
-
गौशालाओं को 3,433 करोड़ रुपये सहायता (पिछली सरकार 3,117 करोड़)
-
15,684 किमी सड़क निर्माण (पिछली सरकार 13,160 किमी)
-
85,000 हेक्टेयर भूमि को सिंचाई सुविधा (पिछली सरकार 52,000 हेक्टेयर)
-
35,000 फार्म पौंड निर्माण (पिछली सरकार 29,000)

सीकर और झुंझुनूं जिलों में विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास
-
सीकर जिले में 155 करोड़ रुपये से अधिक विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण
-
झुंझुनूं जिले में 384 करोड़ रुपये से अधिक विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास

-
आरडीएसएस योजना के तहत 191 करोड़ रुपये से अधिक विकास कार्य
इससे पहले मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन द्वारा आयोजित प्रदर्शनी का अवलोकन किया और दिव्यांग स्कूटी योजना के तहत लाभार्थियों को स्कूटी वितरित की।
इस अवसर पर सैनिक कल्याण सलाहकार समिति के अध्यक्ष प्रेम सिंह बाजौर, विधायक गोरधन, सुभाष मील, हरलाल सहारण, राजेन्द्र भांबू, पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़ सहित बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
















































