लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर : मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शनिवार को मुख्यमंत्री कार्यालय में आयोजित बैठक में एलपीजी सिलेंडर की वितरण प्रणाली पर कड़ी निगरानी रखने के साथ ही जमाखोरी और कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में घरेलू एलपीजी सिलेंडर की आपूर्ति पूरी तरह से सुनिश्चित है और आम उपभोक्ताओं को इसकी निर्बाध आपूर्ति जारी रहेगी।
शिकायतों का त्वरित समाधान
शर्मा ने कहा कि आम जनता में एलपीजी की पर्याप्त उपलब्धता को लेकर विश्वास बनाए रखा जाए। किसी भी प्रकार की अनियमितता या दुरुपयोग पाए जाने पर तुरंत आवश्यक कार्रवाई की जाए।
उन्होंने निर्देश दिए कि हेल्पलाइन नंबर 181, 112 और 14435 पर प्राप्त होने वाली शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित समाधान किया जाए। साथ ही, अफवाह और भ्रामक सूचना फैलाने वालों पर निगरानी रखते हुए कड़ी कार्रवाई की जाए।
एलपीजी आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा
बैठक में खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा ने बताया कि राज्य सरकार एलपीजी आपूर्ति को सुचारू बनाए रखने के लिए प्रभावी कदम उठा रही है। उन्होंने कहा कि एलपीजी की उपलब्धता और आपूर्ति की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है, और ग्राउंड लेवल पर अधिकारियों की टीमों द्वारा निरीक्षण एवं आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।
बैठक में राज्य स्तरीय समन्वय के लिए ऑयल कंपनियों के प्रतिनिधि भी मौजूद थे, जिन्होंने प्रदेश में एलपीजी के स्टॉक और सप्लाई की विस्तृत जानकारी मुख्यमंत्री को दी।



















































