लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
नागौर (प्रदीप कुमार डागा)। जीते जी रक्तदान और मरणोपरांत नेत्रदान की भावना को साकार करते हुए लायंस क्लब नागौर ने एक और सराहनीय कार्य करते हुए 28वां नेत्रदान सम्पन्न करवाया। यह नेक कार्य प्रमिल नाहटा और मनोज कचोलिया की प्रेरणा व विशेष प्रयास से संभव हो पाया।
लोढ़ा का चौक निवासी 57 वर्षीय राजुल जैन (पत्नी स्व. हंसराज मूनोत) के निधन के बाद लायंस क्लब नागौर के सदस्यों ने उनके परिवार से संपर्क किया। परिवार के ललित मुनोत तथा भाई अरुण कुमार और प्रवीण कुमार पींचा सहित परिवारजनों ने एक जोड़ी नेत्रदान के लिए सहमति प्रदान की।
प्रांतीय नेत्रदान समिति के चेयरमैन लायन नरेंद्र पंवार, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य समिति के अध्यक्ष लायन मनोज कचोलिया, लायन प्रमिल नाहटा, ईश्वरचंद सोनी और रीजन चेयरमैन लायन दिलीप पित्ती के विशेष प्रयासों से यह नेत्रदान सम्पन्न हुआ।
राजकीय जवाहरलाल नेहरू चिकित्सालय के नेत्र विभाग के चिकित्सक डॉ. देवेंद्र शर्मा, रेजिडेंट डॉक्टर कल्पना तथा नर्सिंग स्टाफ रवि, अपूर्वा और उत्तम ने इस प्रक्रिया को सफलतापूर्वक पूरा किया। इस दौरान लायन मनोज कचोलिया, नरेंद्र पंवार, प्रमिल नाहटा, रीजन चेयरमैन दिलीप पित्ती और ईश्वर सोनी मौजूद रहे।
राजुल जैन के परिजनों ने डॉक्टरों को नेत्र सुपुर्द किए। परिवारजनों ने बताया कि राजुल जैन अत्यंत सरल, सेवाभावी और धार्मिक प्रवृत्ति की महिला थीं।
लायंस क्लब नागौर की अध्यक्ष डॉ. पूर्णिमा कात्याल और सचिव लायन राजेश रावल ने परिवार द्वारा लिए गए इस साहसिक और पुण्य निर्णय के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस पुनीत कार्य से निश्चित रूप से दो जरूरतमंद लोगों के जीवन में रोशनी आएगी।
इस अवसर पर नीतेश सुराणा, प्रेम तोलावत, नूतन सुराणा सहित अन्य परिजन और सदस्य मौजूद रहे।
















































