लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
नागौर | (प्रदीप कुमार डागा) राजस्थान स्पोर्ट्स डांस एसोसिएशन को नया प्रदेश अध्यक्ष मिल गया है। स्पोर्ट्स डांस फेडरेशन ऑफ इंडिया के आदेश पर अंतर्राष्ट्रीय संगीतकार, गायक, निर्देशक व गीतकार तथा राजस्थानी गीतों के सुप्रसिद्ध कलाकार सतीश देहरा को राजस्थान स्पोर्ट्स डांस एसोसिएशन का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वर्तमान में वे मुंबई में निवासरत हैं।
राजस्थान स्पोर्ट्स डांस एसोसिएशन के मानद सचिव गुलजार अहमद सम्मा (बीकानेर) ने यह जानकारी देते हुए बताया कि यह नियुक्ति फेडरेशन के निर्देशानुसार की गई है। राष्ट्रीय स्तर के कोरियोग्राफर, डांसर, मास्टर ट्रेनर व चयनकर्ता तथा एसोसिएशन के चेयरमेन जितेंद्र आडवाणी (पाली) और कार्यकारी अध्यक्ष शिवशंकर व्यास (नागौर) ने बताया कि फोन पर हुई वार्ता के दौरान तथा राष्ट्रीय प्रतियोगिता में राजस्थान व अन्य जिलों के खिलाड़ियों के डांस परफॉर्मेंस वीडियो देखने के बाद सतीश देहरा ने प्रदेश अध्यक्ष बनने की सहमति प्रदान की।
प्रदेश अध्यक्ष बनने पर सतीश देहरा ने कहा कि वे आगामी नेशनल स्पोर्ट्स डांस टूर्नामेंट राजस्थान में आयोजित कराने की मांग करेंगे। इस पर राष्ट्रीय कार्यकारिणी ने तुरंत सहमति प्रदान कर दी है।
सचिव गुलजार अहमद सम्मा ने बताया कि संगठन का प्रयास पाली, जैसलमेर या जोधपुर में राष्ट्रीय स्तर की स्पोर्ट्स डांस प्रतियोगिता आयोजित कराने का है। वहीं चेयरमेन जितेंद्र आडवाणी ने कहा कि शीघ्र ही पूरे राजस्थान में जिला स्पोर्ट्स डांस एसोसिएशन का गठन किया जाएगा और राज्य स्तर पर स्पोर्ट्स डांस प्रतियोगिता का आयोजन भी किया जाएगा।
सतीश देहरा के प्रदेश अध्यक्ष बनने पर राजस्थानी गायिका सीमा मिश्रा, गीतकार नरेंद्र पारीक, गिरिराज व्यास, गायक शरद जोशी, राष्ट्रीय मंच संचालक मेड़ता के शब्बीर एस. अमन, तथा मारवाड़ रेडियो श्रोता संघ नागौर के जिलाध्यक्ष कुलदीप पारीक सहित कई कलाकारों व गणमान्य व्यक्तियों ने बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
मुंबई से फोन पर बातचीत करते हुए अध्यक्ष सतीश देहरा ने पांडेचेरी में आयोजित राष्ट्रीय स्पोर्ट्स डांस प्रतियोगिता में राजस्थान के 9 सदस्यों द्वारा 13 पदक जीतने पर सभी खिलाड़ियों को बधाई दी और कहा कि आने वाली प्रतियोगिताओं में राजस्थान का दल और भी बड़ा व मजबूत होगा।
