लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
स्टार्टअप्स भारत की विकास गाथा का इंजन, 175 सीट वाला सेंटर युवाओं के लिए लॉन्चपैड बनेगा
जयपुर।
राजस्थान के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने जयपुर के सोहन सिंह स्मृति कौशल विकास केंद्र में आयोजित Ideathon 2025 समारोह में भाग लिया। कार्यक्रम में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, राजस्थान के उप मुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा और लघु उद्योग भारती के अखिल भारतीय संगठन मंत्री प्रकाश चंद की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कर्नल राठौड़ ने कहा कि लघु उद्योग भारती हमेशा नवाचार, ऊर्जा और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती रही है। उन्होंने कहा कि नीति निर्माण तभी प्रभावी होता है जब वह जमीनी स्तर पर लागू हो, और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव की उपस्थिति इसका प्रमाण है। उन्होंने मंत्री अश्विनी वैष्णव को बधाई देते हुए उनके प्रयासों की सराहना की।
कर्नल राठौड़ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस दृष्टिकोण का उल्लेख किया जिसमें स्टार्टअप्स को भारत की विकास यात्रा का मुख्य इंजन बताया गया है। उन्होंने कहा कि स्टार्टअप्स न केवल रोजगार सृजन कर रहे हैं, बल्कि भारत को वैश्विक मंच पर एक नई पहचान भी दिला रहे हैं। इसी दृष्टि से लघु उद्योग भारती द्वारा स्थापित 175 सीट वाला इनक्यूबेशन सेंटर युवाओं के लिए एक प्रभावी लॉन्चपैड साबित होगा। यहाँ विकसित होने वाली कंपनियाँ देश के आर्थिक विकास में सक्रिय भागीदार बनेंगी। राजस्थान सरकार इस पहल में साझेदार बनेगी।
कर्नल राठौड़ ने बताया कि राजस्थान पहले ही स्टार्टअप इकोसिस्टम में मजबूत स्थिति हासिल कर चुका है। वर्तमान में राज्य में 6500 से अधिक स्टार्टअप कार्यरत हैं। साथ ही जीएसटी 2.0 से देश की अर्थव्यवस्था को लगभग 20 लाख करोड़ रुपये का लाभ मिलने की उम्मीद है।
कार्यक्रम में 11वीं कक्षा की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत समाधान-उन्मुख सोच की भी सराहना की गई। कर्नल राठौड़ ने कहा कि छात्राओं की सहभागिता यह दर्शाती है कि नई पीढ़ी सकारात्मक सोच और नवाचार के साथ राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए तैयार है।
यह कार्यक्रम स्टार्टअप्स, नवाचार और युवाओं को आर्थिक विकास से जोड़ने की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगा। राजस्थान सरकार और लघु उद्योग भारती की साझेदारी राज्य में उद्यमिता को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने का मार्ग प्रशस्त करेगी।











































