लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
उनियारा (दुर्योधन मयंक)। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के ओबीसी विभाग की ऑनलाइन बैठक, प्रदेशाध्यक्ष हरसहाय यादव की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में प्रदेश पदाधिकारी और जिलाध्यक्षों ने हिस्सा लिया और संगठन के कार्यों की समीक्षा की।
संगठन महासचिव सागर मावर ने बताया कि प्रदेशाध्यक्ष ने सभी जिलाध्यक्षों और कार्यकारिणी पदाधिकारियों को जन आंदोलनों और कार्यक्रमों की ठोस रूपरेखा तैयार करने के निर्देश दिए। ज़ूम ऐप के माध्यम से हुई बैठक में जिलाध्यक्षों से यह भी कहा गया कि जिला और ब्लॉक कार्यकारिणी का गठन करते समय प्रदेश पदाधिकारियों की राय जरूर लें।
प्रदेश सचिव एवं प्रवक्ता डॉ. नरेंद्र मेहरा (एडवोकेट) ने बताया कि बैठक में राज्यस्तरीय ओबीसी कांग्रेस सम्मेलन आयोजित करने और संभाग स्तर पर अधिवेशन कर बूथ एवं जिला स्तर पर संगठन को सक्रिय बनाने पर भी चर्चा की गई।
प्रदेशाध्यक्ष हरसहाय यादव ने विशेष निर्देश दिए कि अब से ओबीसी कांग्रेस की सभी बैठकें हर तीन माह में आयोजित होंगी, जिसमें सभी पदाधिकारी और जिलाध्यक्ष अपनी रिपोर्ट के साथ उपस्थिति देंगे। साथ ही सक्रिय पदाधिकारियों को आगामी पंचायत और नगर निकाय चुनावों में अवसर प्रदान करने की योजना पर भी विचार विमर्श किया गया।
यह बैठक संगठन को जिला और बूथ स्तर तक मजबूत बनाने और आगामी चुनावों के लिए तैयार करने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।




















































