लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर ।
“चलो आगे बढ़ो राजस्थान, जीत लो सारा हिन्दुस्तान”—इसी ऊर्जा के साथ मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान पहली बार खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स (केआईयूजी)-2025 की भव्य मेजबानी करने जा रहा है। 24 नवम्बर से 5 दिसम्बर तक होने वाले इन खेलों के लिए प्रदेश भर में तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
प्रदेश के 7 शहर—जयपुर, अजमेर, भरतपुर, कोटा, उदयपुर, जोधपुर और बीकानेर—इन खेलों के केंद्र होंगे, जहां देशभर से आए 7,000 से अधिक प्रतिभागी अपना दमखम दिखाएंगे। इनमें क़रीब 5,000 खिलाड़ी विभिन्न खेलों में पदक के लिए चुनौती पेश करेंगे।
24 खेल, 23 पदक स्पर्धाएँ, 1 प्रदर्शन खेल
केआईयूजी-2025 में 24 खेल शामिल हैं, जिनमें 23 पदक विजेता स्पर्धाएँ होंगी। प्रमुख खेल—
एथलेटिक्स, हॉकी, फुटबॉल, तैराकी, बैडमिंटन, शूटिंग, टेनिस, जूडो, बॉक्सिंग, कुश्ती, वॉलीबॉल, टेबल टेनिस, भारोत्तोलन, साइकिलिंग, योगासन, तलवारबाजी, कबड्डी, तीरंदाजी, बीच वॉलीबॉल, रग्बी, मल्लखम्भ, केनोइंग-कयाकिंग आदि।
खो-खो का आयोजन प्रदर्शन मैच के रूप में होगा।
कहाँ-कब होंगे खेल: शहरवार कार्यक्रम
-
जयपुर (24 नव.–5 दिस.) — एथलेटिक्स, हॉकी, तैराकी, शूटिंग, बैडमिंटन, बास्केटबॉल, टेनिस, फुटबॉल, तीरंदाजी, साइकिलिंग, मल्लखम्भ
-
अजमेर (26–28 नव.) — रग्बी और खो-खो (प्रदर्शन)
-
उदयपुर (25 नव.–4 दिस.) — जूडो, बीच वॉलीबॉल, केनोइंग-कयाकिंग (वॉटर स्पोर्ट्स)
-
बीकानेर (25 नव.–5 दिस.) — कबड्डी और भारोत्तोलन
-
जोधपुर (25 नव.–3 दिस.) — योगासन और टेबल टेनिस
-
कोटा (25 नव.–4 दिस.) — तलवारबाजी और वॉलीबॉल
-
भरतपुर (25 नव.–5 दिस.) — कुश्ती और बॉक्सिंग
देशभर के खिलाड़ियों का स्वागत राजस्थान की परंपरागत “खम्मा घणी” के साथ किया जाएगा। राज्य सरकार का लक्ष्य है कि यह आयोजन न केवल खेल भावना को नई ऊँचाइयाँ दे, बल्कि राजस्थान को राष्ट्रीय खेल मानचित्र पर एक सशक्त पहचान भी दिलाए।











































