लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
जोधपुर।
केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी ने कहा कि राजस्थान में अतिवृष्टि से हुई फसल खराबी का मुआवजा किसानों को जल्द मिलेगा। उन्होंने आश्वस्त किया कि बीमा कंपनियाँ समय पर भुगतान करें, इसके लिए केंद्र सरकार की ओर से राज्य सरकार को निर्देशित किया गया है।
किसानों को मिलेगा समय पर मुआवजा
भागीरथ चौधरी ने कहा कि बीमा कंपनी को 21 दिन के भीतर भुगतान करना चाहिए, अन्यथा किसानों को 12% ब्याज सहित राशि मिले। उन्होंने बताया कि गिदावरी के बाद फसल खराबी की रिपोर्ट केंद्र सरकार को भेजी जाएगी और तुरंत मुआवजा जारी किया जाएगा।
बाजरे की एमएसपी खरीद पर बयान
मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार ने राज्य सरकार को बाजरे की एमएसपी खरीद शुरू करने का सुझाव दिया है। “मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा किसानों के हित में कई कदम उठा रहे हैं। जल्द ही राजस्थान में बाजरे की भी एमएसपी पर खरीद की जाएगी,” उन्होंने कहा।
सिंधु जल स्थगन पर टिप्पणी
उन्होंने कहा कि सिंधु जल समझौता कभी भी न्यायसंगत नहीं था, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसे सही दिशा दी है। “यह पानी राजस्थान आएगा और राज्य की धरती सोना उगलेगी,” चौधरी ने कहा।
काजरी शोध संस्थान का दौरा
जोधपुर स्थित काजरी (CAZRI) में आयोजित कार्यक्रम में मंत्री ने वैज्ञानिकों और अधिकारियों से शोध परियोजनाओं की प्रगति पर संवाद किया।
इस अवसर पर मैप ऑफ लैंड डिग्रेडेशन विंड इरोजन का ई-रिलीज और कृषि संबंधी एसओपी का विमोचन भी किया गया।
कार्यक्रम में डा. एम.एल. जाट (सचिव, डेयर एवं आईसीएआर, नई दिल्ली) विशिष्ट अतिथि रहे, जबकि अध्यक्षता काजरी निदेशक सुमंत व्यास ने की। बड़ी संख्या में वैज्ञानिक, अधिकारी और किसान कार्यक्रम में शामिल हुए।
















































