लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
नई दिल्ली/जयपुर । मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राजस्थान में शहरी विकास और शिक्षा क्षेत्र को नई ऊर्जा मिल रही है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार शहरों के आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ बनाने और स्कूली शिक्षा को बेहतर करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है।
केन्द्र सरकार के सहयोग से राजस्थान को बड़ी राहत मिली है। केन्द्रीय वित्त आयोग (शहरी) अनुदान के तहत 541 करोड़ रुपये की राशि जारी की गई है। साथ ही, केन्द्र सरकार ने समग्र शिक्षा अभियान के लिए 580 करोड़ रुपये की सहायता राशि भी प्रदान की है। इन धनराशियों से राज्य में शहरी विकास और शिक्षा क्षेत्र में महत्वपूर्ण परियोजनाओं को गति मिलेगी।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि यह सहयोग राजस्थान में आधारभूत ढांचे के विस्तार और स्कूली शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के लिए अहम साबित होगा। उन्होंने बताया कि पहले भी केन्द्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल तथा केन्द्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान से मुलाकात कर प्रदेश की आवश्यकताओं पर चर्चा की गई थी।
राज्य सरकार ने कहा है कि प्राप्त अनुदानों का उपयोग योजनाओं को प्रभावी रूप से लागू करने और समाज के अंतिम व्यक्ति तक सुविधाएँ पहुँचाने में किया जाएगा।