लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
आस्था धामों और पर्यटक स्थलों के विकास के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा
अधिकारियों को विकास कार्य समयबद्ध रूप से पूरा करने के निर्देश
ऐतिहासिक इमारतों के निर्माण हेतु विशेष प्रकोष्ठ का गठन होगा
जयपुर । मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राजस्थान सरकार विकास के साथ-साथ राज्य की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत के संरक्षण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि धार्मिक स्थलों और पर्यटन सर्किटों से जुड़े सभी विकास एवं पुनर्विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ तय समय में पूरा किया जाए।
मुख्यमंत्री गुरुवार को अपने कार्यालय में आयोजित महाराणा प्रताप टूरिस्ट सर्किट, पूंछरी का लौठा और तनोट माता मंदिर से संबंधित विकास कार्यों की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आमजन को वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप के जीवन, शौर्य और आदर्शों से परिचित कराने के उद्देश्य से राज्य सरकार महाराणा प्रताप टूरिस्ट सर्किट विकसित कर रही है।
इस सर्किट में चावंड, हल्दीघाटी, गोगुंदा, कुंभलगढ़, दिवेर और उदयपुर जैसे ऐतिहासिक स्थलों को शामिल किया गया है, जिसके लिए 100 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
महाराणा प्रताप के चेतक के नाम पर बनेगा विशाल स्मारक
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि चावंड स्थित समाधि स्थल का सुनियोजित विकास किया जाए और हल्दीघाटी में महाराणा प्रताप के स्वामीभक्त घोड़े चेतक का भव्य स्मारक तैयार किया जाए। उन्होंने कहा कि इन स्थलों पर पर्यटकों के लिए बेहतर सुविधाएं, प्रवेश द्वार और ब्रिज निर्माण सुनिश्चित किए जाएं।
तनोट माता मंदिर—श्रद्धालुओं के लिए हों उत्तम व्यवस्थाएं
जैसलमेर स्थित तनोट माता मंदिर के पुनर्विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं के लिए ठहरने, धर्मशाला और संपर्क सड़कों की व्यवस्था सुदृढ़ करने के निर्देश दिए।
पूंछरी का लौठा—निविदा प्रक्रिया में आए तेजी
मुख्यमंत्री ने पूंछरी का लौठा और गोवर्धन परिक्रमा से जुड़े प्रगतिरत कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निविदा प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह धार्मिक स्थल विश्वस्तरीय सुविधाओं से युक्त पावन धाम के रूप में विकसित होगा।
बैठक में राजस्थान धरोहर प्राधिकरण के अध्यक्ष ओंकार सिंह लखावत सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।











































