लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
हादसों में आएगी कमी, ब्लैक स्पॉट होंगे सुरक्षित
गौतम शर्मा, राजसमंद।
राजसमंद–भीलवाड़ा राजमार्ग पर सड़क दुर्घटनाओं को कम करने और यातायात को सुगम बनाने के उद्देश्य से इन दिनों तीन बड़े ब्रिजों का निर्माण तेज़ रफ़्तार से जारी है। सर्वे मैनेजर मनोज कुमार ने बताया कि सभी ब्रिजों की लेआउट मार्किंग टोटल स्टेशन मशीन की सहायता से की जा रही है, जिससे निर्माण कार्य पूरी सटीकता के साथ आगे बढ़ रहा है।
यह पूरा प्रोजेक्ट शिवम कंस्ट्रक्शन के प्रोजेक्ट मैनेजर रवि कुमार चौधरी के निर्देशन में संचालित हो रहा है। उन्होंने जानकारी दी कि—
-
कुंवारिया के लालपुर चौराहा के पास 850 मीटर लंबा ब्रिज,
-
फियावड़ी के समीप 950 मीटर लंबा ब्रिज,
-
तथा लापसिया में सर्विस लाइन ब्रिज
का निर्माण तेज़ी से प्रगति पर है।
इन तीनों स्थानों को पूर्व में ब्लैक स्पॉट घोषित किया गया था, जहां अक्सर सड़क हादसे होते थे। स्थानीय लोगों की लंबे समय से मांग थी कि इन जगहों पर सुरक्षित आवागमन हेतु ब्रिज निर्माण कराया जाए।
ग्रामीणों और राहगीरों ने विश्वास जताया कि ब्रिज निर्माण पूरा होने के बाद इन ब्लैक स्पॉट्स पर दुर्घटनाओं में कमी आएगी और राजमार्ग पर यात्रा और अधिक सुरक्षित हो जाएगी। तीनों साइटों पर कार्य पूरी गति से जारी है और जल्द ही इसका लाभ आमजन को मिलने की उम्मीद है।
