लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
समदड़ी कस्बे के गौर का चौक स्थित मुख्य बाजार में अवैध अतिक्रमण लगातार बढ़ता जा रहा है, लेकिन नगर पालिका प्रशासन इसे हटाने में अब तक नाकाम साबित हो रहा है। गौर का चौक से रामदेवरा मंदिर मार्ग तक जगह-जगह हाथ ठेला चालकों ने ठेले मुख्य सड़क पर खड़े कर दिए हैं, जिससे रास्ता अत्यंत संकरा हो गया है।
दूसरी ओर कई दुकानदार अपनी दुकानों के आगे सामान बाहर सजाकर बैठ जाते हैं, जिससे पैदल चलने वालों और वाहनों के गुजरने में भारी असुविधा हो रही है। अवैध कब्जों पर अंकुश लगाने में नगर पालिका की निष्क्रियता से लोगों में नाराज़गी बढ़ती जा रही है।
दुर्घटना का वीडियो वायरल, फिर भी नहीं जागा प्रशासन
दो दिन पूर्व गौर का चौक पर लोहे का सामान बेच रही एक महिला के पास खरीदारी करने आई एक अन्य महिला पर, पीछे आते हुए एक थ्री-व्हीलर टैक्सी चढ़ गई। गनीमत रही कि महिला को गंभीर चोट नहीं आई, लेकिन इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। इसके बावजूद नगर पालिका प्रशासन ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया।
दुपहिया वाहनों और ठेलों से जाम की स्थिति
मुख्य बाजार में दुकानदारों द्वारा दुकानों के बाहर दुपहिया वाहन खड़े कर देने से स्थिति और गंभीर हो जाती है। कई बार हाथ ठेलों और वाहनों के कारण लंबा जाम लग जाता है, जिससे बाहरी क्षेत्रों से आने वाले खरीददारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
कई बैठकों में बन चुके हैं निर्णय, लेकिन कार्रवाई शून्य
अवैध अतिक्रमण हटाने को लेकर पंचायत समिति की बैठकों, सीएलजी बैठक और नगर पालिका बैठकों में कई बार निर्णय लिया गया, लेकिन आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो पाई है। इससे अतिक्रमणकारियों के हौसले बुलंद हैं और बाजार का रास्ता दिन प्रतिदिन संकरा होता जा रहा है।
नगर पालिका की सफाई—जुर्माना व समझाइश जारी
नगर पालिका के कार्यवाहक SI महेंद्र सिंह ने बताया कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार एक टीम गठित की गई है और बीते दो दिनों से मुख्य बाजार में दुकानदारों को बाहर रखा सामान अंदर करने की समझाइश दी जा रही है।
समझाइश नहीं मानने वालों से जुर्माना वसूला जा रहा है।
हाथ ठेला चालकों को निर्धारित स्थान पर ही खड़े रहने और गलियों में घूमकर बिक्री करने की हिदायत दी गई है।
ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के लिए पुलिस से सहयोग का अनुरोध
SI महेंद्र सिंह ने कहा कि ट्रैफिक व्यवस्था से आमजन को हो रही परेशानी को देखते हुए पुलिस प्रशासन से अनुरोध किया जाएगा कि गौर का चौक पर एक सिपाही को स्थाई रूप से तैनात किया जाए, ताकि यातायात सुचारू रूप से चल सके और जाम की स्थिति न बने। नगर पालिका को अवैध अतिक्रमण हटाने में पुलिस का सहयोग भी मिल रहा है।